सीआई सहित पांच निलंबित
भीलवाड़ा. एसपी पी. रामजी ने वकील अमित यादव को खुदकुशी के लिए प्रेरित करने के आरोप में मामला दर्ज होने के बाद सुभाषनगर थाना प्रभारी सहित पांच पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। आदेश के मुताबिक, सीआई ओमप्रकाश वर्मा, थानेदार किशन सिंह नरूका, सिपाही मोतीलाल, राजेश चौधरी व भूपेन्द्र सिंह को निलंबित कर दिया गया। उल्लेखनीय है कि वकील की मौत के बाद वकीलों ने इन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर गिरफ्तार करने की मांग रखी थी।
दोषी नहीं बचेंगे : आईजी
अजमेर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक आरपी सिंह ने कहा कि वकील यादव के खुदकुशी मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। अगर कोई अधिकारी या कर्मचारी दोषी पाया गया तो वह पुलिस कार्रवाई से नहीं बचेगा। आरोपियों को पूछताछ में लेने के आदेश जारी कर दिए गए हैं।
एसपी का कहना है
एसपी पी.रामजी का कहना है कि अमित यादव को थाने में बुलाकर बाल काटने की शिकायत लेकर अधिवक्ता मिले। मामले को गंभीरता से लेते हुए मैने हाथों-हाथ डीएसपी गोपालस्वरूप मेवाड़ा को सौंप दी। मैं, जांच रिपोर्ट का इंतजार कर ही रहा था कि यह घटना हो गई।
मकान पर जमाया कब्जा
मृतक यादव के मकान पर वकीलों ने पूरी तरह कब्जा जमाए रखा ताकि स्थानीय पुलिस अंदर न जा सके। प्रवेशद्वार को बाहर से कुंदा लगाकर बंद करने के बाद वकील वहां बैठ गए। आईजी, कलेक्टर व एएसपी अंदर थे।
मेडिकल टीम को हटना पड़ा पीछे
घटनास्थल का निरीक्षण व शव का पोस्टमार्टम करने पहुंची एफएसएल व मेडिकल टीम को भी वकीलों ने मकान में जाने से रोक दिया। वरिष्ठ अधिवक्ताओं व कलेक्टर के हस्तक्षेप के बाद ही एफएसएल टीम को अंदर जाने दिया, जबकि मेडिकल टीम मकान से काफी दूर बैठी रही।
लोकल पुलिस पर नहीं विश्वास
वकीलों ने कलेक्टर मंजूराजपाल से मिलकर स्थानीय पुलिस पर अविश्वास जाहिर किया और जांच अन्य से कराने की मांग की। ऐसे में कलेक्टर ने आईजी आरपी सिंह से बात की। इसके बाद वे एएसपी सिंह को साथ लेकर यहां पहुंचे।
पुलिस रही 200 फीट दूर
यादव के खुदकुशी करने की सूचना मिलते ही सैकड़ों वकील मृतक के घर जमा हो गए। इस दौरान कार्रवाई के लिए पहुंचे पुलिसकर्मियों को वकीलों ने मकान में प्रवेश नहीं करने दिया और धक्का-मुक्की की। इस घटना के बाद से स्थानीय पुलिस का कोई कर्मचारी मकान तक नहीं पहुंचा। सभी अधिकारी व कर्मचारी मकान से करीब 200 फीट दूर कोटा रोड के किनारे बैठे रहे।
उन्होंने धमकाया पापा को
यादव की सात वर्षीय बेटी सोनाली ने बताया कि रात ढाई बजे कुछ लोग घर आए और पापा को धमकाया था। सुबह आठ बजे भी कुछ लोग आए और पापा को धमकी देकर चले गए। यही बात मृतक की पत्नी लक्ष्मी ने भी अधिकारियों व पत्रकारों से कही।
बीए, एलएलबी व एलएलएम था
३क् वर्षीय अधिवक्ता यादव ने बीए, एलएलबी व एलएलएम की हुई थी। इसके साथ ही वह भविष्यवक्ता भी था।










