6 दिसंबर को कल्याण कहेंगे 'जय श्रीराम'
छह दिसंबर 1992 को विवादित ढांचा ढहाए जाने की घटना को 17 वर्ष पूरे हो जाएंगे। हिंदू व मुस्लिम पक्ष अयोध्या सहित तमाम स्थानों पर इस दिन परंपरागत कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इन सालों के दौरान विहिप ने राम मंदिर निर्माण से जुड़े कार्यों को 65 प्रतिशत पूरा कर लिया है। विहिप व भाजपा के कुछ नेताओं की कोशिश है कि इस पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को छह दिसंबर को अयोध्या बुलाया जाए ताकि माहौल में गर्माहट आये।
विहिप के अवध प्रांत के मीडिया प्रभारी शरद शर्मा ने भास्कर से कहा कि मंदिर निर्माण के लिए पत्थरों को तराशने का 65 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। शिखर, छत्र व प्रतिमाओं का निर्माण मंदिर निर्माण के साथ ही किया जा जाएगा। शर्मा ने कहा कि विहिप की कार्यशालाओं में पत्थरों को तराशने का काम पूरा होने के बाद से गतिविधियां ठप है। उन्होने कहा कि इस साल भी काई नया कार्यक्रम आयोजित नही किया जाएगा।
छह दिसंबर को सपा काला दिवस मनाती है। सपा के प्रवक्ता राजेन्द्र चौधरी ने कहा कि इस बार भी पार्टी परंपरागत तरीके से काला दिवस मनाएगी लेकिन कोई नया कार्यक्रम या आंदोलन नही होने जा रहा है। गौरतलब है कि बाबरी मस्जिद एक्शन कमेटी व कुछ दूसरे मुस्लिम संगठन छह दिसंबर को यौमे गम के तौर पर मनाते है।










