मैक्ग्लाशन ने लपके 12 कैच
वेलिंगटन। न्यूजीलैंड के विकेटकीपर पीटर मैक्ग्लाशन ने घरेलू क्रिकेट में नॉर्दर्न डिस्ट्रिक प्रोविंस की ओर से खेलते हुए किसी एक प्रथमश्रेणी मैच में 12 कैच लपकने का विश्वरिकॉर्ड रच दिया है। 30 वर्षीय मैक्ग्लाशन ने वांगेराई में खेले गए चारदिवसीय मैच में सेंट्रल डिस्ट्रिक प्रोविंस के विरुद्ध यह रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने दोनों पारियों में 6-6 कैच लपके। इस प्रदर्शन की बदौलत नॉर्दर्न डिस्ट्रिक प्रोविंस ने यह मैच 9 विकेट से जीत लिया। मैक्ग्लाशन न्यूजीलैंड के लिए 4 वनडे और 8 ट्वेंटी 20 मैच खेल चुके हैं।
इससे पहले, प्रथमश्रेणी मैच में सर्वाधिक 11 कैच लपकने का रिकॉर्ड ऑस्ट्रेलिया के रोडनी मार्श सहित संयुक्त रूप से छह विकेटकीपरों के नाम था। वैसे, प्रथमश्रेणी मैच में सर्वाधिक 13 शिकार का विश्वरिकॉर्ड जिम्बाब्वे के वेन जेम्स के नाम है। उन्होंने 1995-96 के सत्र में एक मैच में कुल 13 शिकार किए थे, जिनमें से 11 कैच और दो स्टंपिंग थे।










