उर्मिला का कठिन दौर
मुंबई. उर्मिला मातोंडकर पारिवारिक मोर्चे पर एक के बाद एक चुनौतियों का सामना कर रही हैं। यही वजह है कि इन दिनों वह फिल्मी परिदृश्य से गायब हैं।
उर्मिला मातोंडकर को हिमेश रेशमिया के साथ पिछले वर्ष प्रदर्शित ‘कर्ज’ के रीमेक में देखा गया था। उसके बाद वह फिल्मी परिदृश्य से गायब सी हो गईं। इसकी वजह यह है कि वह व्यक्तिगत मोर्चे पर एक के बाद एक समस्या से घिरी रहीं। पहले उनके चाचाजी का देहांत हुआ, जिसका सबसे ज्यादा सदमा उर्मिला के पिताजी को लगा। इसके कुछ दिनों बाद उर्मिला के पिता के साथ एक दुर्घटना पेश आ गई।
उर्मिला से जुड़े एक पारिवारिक सूत्र के मुताबिक दुर्घटनाग्रस्त होने पर उर्मिला के पिता को एक ऑपरेशन से गुजरना पड़ा। परिवार पर आ रही एक के बाद एक मुसीबतों ने उर्मिला की मां को भी बीमार कर दिया। उन्हें इस कदर निराशा हो गई कि इलाज के लिए उन्हें आईसीयू में भर्ती कराना पड़ा। यही वजह है कि उर्मिला फिल्मी मोर्चे के बजाय अपने परिवार की सेवा में ज्यादा समय दे रही हैं। इस संदर्भ में अच्छी बात यह है कि उर्मिला के अभिभावक तेजी से स्वास्थ्य लाभ कर रहे हैं।
इस बारे में संपर्क करने पर उर्मिला ने सारे घटनाक्रम की पुष्टि करते हुए बताया, ‘मेरे लिए यह बहुत दुखदायी और चुनौतीपूर्ण समय रहा,लेकिन इंसान इसका सामना करना भी सीख ही जाता है। उसे इसके लिए भीतर से शक्ति मिलती है। मैंने भी अपने जीवन के इस दौर से कई सबक सीखे हैं। ईश्वर की कृपा है कि अब स्थिति सामान्य की ओर लौट रही है।’










