Friday, Nov 20th, 2009, 12:24 pm [IST]  

danik bhaskarजांच के बाद हेडली को लाया जा सकता है भारत

Bhaskar.com

passpor_310नई दिल्ली. लश्करे तैयबा के अमेरिकी आतंकी डेविड कोलमैन हेडली और तहव्वुर हुसैन राणा को जांच के बाद भारत लाया जा सकता है। इस मुद्दे पर केंद्रीय विदेशी मंत्री एसएम कृष्णा ने कहा है कि जांच के बाद प्रत्यर्पण के बाद बातचीत शुरु की जाएगी। इसी के साथ विदेश मंत्री ने कहा कि मुंबई हमलों में इन दोनों का हाथ संकेत मिल रहे हैं।

रिटायर फौजी अफसर पकड़ा गया

दूसरी ओर, शिकागो में इन दोनों से जुड़े पाक सेना के एक पूर्व अधिकारी को वहां गिरफ्तार कर लिया गया है। एफबीआई ने ब्रिगेडियर या कर्नल रैंक के इस अधिकारी को हेडली और राणा के साथ साजिश में शामिल बताया है। हाल में रिटायर हुए अधिकारी को पहले भी कुछ आरोपों के सिलसिले में गिरफ्तार किया गया था लेकिन सरकार को उसे साथियों के दबाव में छोड़ना पड़ा। पाक दूतावास ने इस मामले में कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया है। इसी के साथ लश्करे तैयबा के आतंकी डेविड कोलमैन हेडली के सहयोगी पाकिस्तानी मूल के कनाडाई नागरिक तहव्वुर हुसैन राणा की जमानत की अर्जी पर सुनवाई दो दिसंबर तक के लिए टल गई है। जांच एजेंसियों के पास राणा के खिलाफ आरोप पेश करने के लिए 14 जनवरी तक का समय है। वहीं हेडली के मामले में एक जनवरी तक आरोप पत्र दाखिल किया जा सकता है।

हेडली का मोबाइल उगलेगा कई राज!

वहीं, मुंबई पुलिस की अपराध शाखा ने अहम कामयाबी हासिल करते हुए लश्करे तैयबा के अमेरिकी आतंकी डेविड कोलमैन हेडली का मोबाइल फोन बरामद करने का दावा किया है। हेडली द्वारा 2006 से 2008 के बीच मुंबई यात्रा के दौरान इस्तेमाल किए गए इस मोबाइल फोन से कई गुत्थियों को सुलझाने में मदद मिलने की उम्मीद जाहिर की जा रही है।

फोन के रिकार्ड की आरंभिक जांच पड़ताल से पता चला है कि हेडली महानगर में गार्ड मुहैया कराने वाले कुछ लोगों के साथ कॉल गल्र्स के भी संपर्क में था। ये कॉल गल्र्स कई मौकों पर उसके साथ आया-जाया करती थीं। हेडली अपने खतरनाक मंसूबों की साजिश के लिए इनका इस्तेमाल करता था। हेडली और उसके सहयोगी पाकिस्तानी मूल के तहव्वुर हुसैन राणा को एफबीआई ने भारत पर हमले की साजिश रचने के आरोप में अमेरिका में गिरफ्तार किया है।

बॉलीवुड में खलबलीइस बीच सूत्रों ने कहा कि हेडली से संबंधों को लेकर कुछ बॉलीवुड कलाकारों से जल्दी ही राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) पूछताछ करेगी। प्रसिद्ध फिल्मकार महेश भट्ट के बेटे राहुल ने इन कलाकारों के बारे में जांच एजेंसी को जानकारी दी है। सूत्रों ने दावा किया है कि राहुल ने ही इन लोगों को एक जिम में हेडली से मिलवाया था जहां वह एक्सरसाइज के लिए आता था।

इमरान, कंगना का इनकार

बॉलीवुड कलाकार इमरान हाशमी और कंगना राणावत ने हालांकि हेडली से कभी संपर्क होने से इनकार किया है। दोनों ने इन आरोपों को बेबुनियाद करार देते हुए समाचार माध्यमों के खिलाफ मानहानि का मुकदमा दायर करने की बात कही है। हाशमी ने कहा कि अब तक एनआईए ने उनसे संपर्क नहीं किया है। वहीं कंगना ने हमीरपुर के जाहू में कहा है कि न तो वह हेडली से और न ही कभी राहुल से मिली है।

यहूदी सेंटर के नजदीक रुका था हेडली

पुणो में ओशो आश्रम की यात्रा के दौरान हेडली वहां एक यहूदी सेंटर ‘चबाड हाउस’ के नजदीक रुका था। पुलिस आतंकी की पुणो यात्रा की जांच में चबाड हाउस के पहलू को लेकर भी छानबीन कर रही है। मुंबई हमले में भी यहूदियों के एक ठिकाने नरीमन हाउस को निशाना बनाया गया था।

महेश भट्ट ने लिखी पीएम को चिट्ठी

फिल्मकार महेश भट्ट ने प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह को चिट्ठी लिखकर जांच एजेंसी एनआईए के रवैये पर नाराजगी जताई है। उन्होंने कहा है कि उनके बेटे ने हेडली के बारे में तमाम जानकारी साझा की है लेकिन उसके साथ अधिकारियों ने धोखेबाजी की है। भट्ट ने कहा कि अधिकारियों ने जानकारी मीडिया को लीक की जिसने उनके बेटे को गलत तरीके से पेश किया है।

गृहमंत्री संसद में देंगे बयानकेंद्रीय गृहमंत्री पी चिदंबरम हेडली और राणा के मामले में संसद में बयान दे सकते हैं। खुफिया एजेंसियों को संदेह है कि हेडली के तार मुंबई हमलों से जुड़े हो सकते हैं।

पाक राजनयिक का बेटा है हेडली

लश्कर के अमेरिकी आतंकी डेविड कोलमैन हेडली के बारे में पता चला है कि वह पाक राजनयिक और अमेरिकी माता की संतान है। शुरू में उसका नाम दाऊद गिलानी था और उसके मां-बाप का तलाक हो गया था। शुरुआती सालों में पाकिस्तान में रहने के बाद 16 वर्ष की उम्र में उसे पाकिस्तान से बाहर ले जाया गया। तलाक के बाद उसकी मां उसे फिलाडेल्फिया ले आई। पाकिस्तान के रूढ़िवादी समाज से अमेरिका के खुले माहौल में आकर हेडली को एक तरह का मानसिक सदमा लगा। हेडली अपनी मां का पब और फिर वीडियो स्टोर चलाने में नाकाम रहा। उसने अकाउंट्स की पढ़ाई की। हेरोइन की तस्करी के जुर्म में उसे 1997 में 15 माह की सजा भी हो चुकी है।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: