द.अफ्रीका-इंग्लैंड पहला वनडे आज
जोहानिसबर्ग। चैंपियंस ट्रॉफी में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड की टीमों के बीच पांच वनडे क्रिकेट मैचों की सीरीज के पहले वनडे में यहां वांडर्स के मैदान पर जोरदार मुकाबला होने की उम्मीद है। द्विपक्षीय सीरीज में दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड बहुत बेहतर रहा है और इसी के बल पर टीम आईसीसी की रैं¨कग में नंबर वन पर पहुंची थी।
उधर इंग्लैंड की टीम भी पिछले दिनों ऑस्ट्रेलिया मेनिया से पीड़ित रही है। टीम घरेलू सीरीज में ऑस्ट्रेलिया के हाथों 1-6 से सीरीज गंवाने के बाद चैंपियंस ट्रॉफी के सेमीफाइनल में भी कंगारूओं के हाथों हार गई थी। हाल ही में खेली गई ट्वेंटी-20 मैचों में दोनों टीमों ने 1-1 मैच जीता था ऐसे में किसी को भी कम आंकने की भूल करना गलती होगी। दोनों टीमों के बीच द.अफ्रीका में अब तक कुल ४१ मैच खेले गए हैं जिसमें २२ मैच दक्षिण अफ्रीका ने तथा १६ मैच इंग्लैंड ने जीते हैं। इस मैदान पर दक्षिण अफ्रीका का रिकॉर्ड बहुत बेहतर है।
मेजबानों ने इस मैदान पर कुल २५ मैच खेले हैं जिसमें से १८ में जीत हासिल की है जबकि इंग्लैंड की टीम यहां सिर्फ दो वनडे मैच खेली है जिसमें से उसे एक में जीत तथा एक में हार का सामना करना पड़ा है। दोनों टीमों के बीच इस मैदान पर कोई वनडे मुकाबला नहीं हुआ है। जहां तक दोनों टीमों के खिलाड़ियों का सवाल है तो दक्षिण अफ्रीका टीम में ग्रीम स्मिथ, जैक कैलिस, एबी डिविलियर्स, जे.डुमिनी, ए.मोर्केल व मार्क बाउचर जैसे धुरंधर बल्लेबाज हैं तथा गेंदबाजी में डेल स्टेन के अलावा वान डेर मर्व व जोनाथन बोथा मुख्य भूमिका निभाएंगे।
इंग्लैंड के साथ दुविधा यह है कि उसके प्रमुख गेंदबाजों स्टुअर्ट ब्रॉड व जेम्स एंडरसन के चोटग्रस्त होने के कारण उसे ब्रेसनन, साजिद महमूद व ग्राहम ओनियंस जैसे कम अनुभवी गेंदबाजों पर निर्भर करना होगा। ऐसे में बल्लेबाजों एंड्रयू स्ट्रॉस, पॉल कॉलिंगवुड, केविन पीटरसन, जोनाथन ट्रॉट व डेनली या एलिस्टर कुक का दायित्व बढ़ जाता है।










