वर्ल्डकप का टिकट कटाया फ्रांस ने
पेरिस। पूर्व चैंपियन फ्रांस ने आयरलैंड के खिलाफ 1-1 का ड्रॉ खेलते हुए अगले साल द. अफ्रीका में होने वाले वर्ल्डकप फुटबॉल की योग्यता तो प्राप्त कर ली, लेकिन टीम के कप्तान थियरे हैनरी के हैंडबॉल के कारण बराबरी के गोल पर विवाद खड़ा हो गया है। पिछले शनिवार के मैच में फ्रांस 1-0 से जीता था, इसलिए उसे 2-1 के कुल अंतर के कारण योग्यता मिल गई।
आयरलैंड के कप्तान रॉबी कीने ने 33वें मिनट में गोल करते हुए फ्रांस पर दबाव बना दिया था। इसके बाद फ्रांसीसी टीम लाख कोशिशों के बावजूद बराबरी का गोल नहीं कर सकी। अतिरिक्त समय में हैनरी ने गोल के सामने खड़े विलियम गलास को पास दिया, जिस पर गलास ने गोल करने में कोई गलती नहीं की। पास देते समय गेंद हैनरी के हाथ से टकरा गई थी। आयरिश खिलाड़ियों ने इस गोल को खारिज करने की अपील की, लेकिन रैफरी हेनसन ने बात नहीं सुनी।
हैंडबॉल स्वीकारा हैनरी ने : मैच के बाद हैनरी ने कहा कि गेंद मेरे हाथ से लगी तो थी, लेकिन मैं रैफरी नहीं हूं। मैं बॉक्स में था और मेरे सामने दो डिफेंडर थे। गेंद उछलकर मेरे हाथ से लगी और रैफरी ने नहीं देखा, तो मैंने खेल जारी रखा। मुझे खुशी है कि उसी गोल के कारण हमारी टीम को वर्ल्डकप की योग्यता मिली।
पुर्तगाल, स्लोवेनिया व यूनान को भी योग्यता : बुधवार देर रात खेले गए अन्य क्वालिफाइंग मैचों से पुर्तगाल, स्लोवेनिया और यूनान को भी वर्ल्डकप की योग्यता मल गई। पुर्तगाल ने बोस्निया को 1-0 से हराया। पिछले मैच में भी पुर्तगाल इसी अंतर से जीता था। स्लोवेनिया ने रूस को पछाड़कर वर्ल्डकप का टिकट पाया। रूस ने पिछला मैच 2-1 से जीता था, लेकिन स्लोवेनिया ने बुधवार को 1-0 की जीत से योग्यता पा ली। यूनान ने एक अन्य मैच में उक्रेन पर 1-0 से जीत दर्ज की।
वर्ल्डकप-2010 की टीमें
मेजबान : द. अफ्रीका, अफ्रीकी टीमें : अल्जीरिया, कैमरून, घाना, आइवरी कोस्ट, नाईजीरिया, एशियाई टीमें : ऑस्ट्रेलिया, जापान, उत्तर कोरिया, द. कोरिया, यूरोपीय टीमें : डेनमार्क, इंग्लैंड, फ्रांस, जर्मनी, यूनान, इटली, हॉलैंड, पुर्तगाल, सर्बिया, स्लोवाकिया, स्लोवेनिया, स्पेन, स्विट्जरलैंड, द. अमेरिकी टीमें : अर्जेटीना, ब्राजील, चिली, पराग्वे, उरुग्वे, उत्तर-मध्य अमेरिका व क्वालिफाइंग : होंडुरास, मैक्सिको, अमेरिका, एशिया-ओसिायाना प्ले ऑफ : न्यूजीलैंड।










