मिडिलसेक्स की नजर सचिन-गिलक्रिस्ट पर
नई दिल्ली। मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंडुलकर और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई विकेटकीपर एडम गिलक्रिस्ट को एक साथ बल्लेबाजी वाकई एक सपने के सच होने जैसा है। इंग्लिश क्रिकेट काउंटी मिडिलसेक्स अगले क्रिकेट सीजन में पांच ट्वेंटी-20 मैचों के लिए इन दोनों दिग्गज खिलाड़ियों के साथ करार करने को लेकर उत्सुक है। एक ब्रिटिश समाचार पत्र ‘ द डेली टेलीग्राफ’ ने बुधवार को खबर प्रकाशित की थी कि सचिन और गिलक्रिस्ट अगले सीजन में एक साथ मिडिलसेक्स के लिए ट्वेंटी 20 मैच खेल सकते हैं। करार होने की स्थिति में दोनों ही खिलाड़ी मिडिलसेक्स की ओर से पांच ट्वेंटी 20 मैचों में हिस्सा लेंगे।
ये सभी मैच क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले मैदान लॉर्डस पर फ्लडलाइट में खेले जाएंगे। एमसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी कीथ ब्रैडशा ने बताया कि वे मिडिलसेक्स के साथ मिलकर इस योजना पर काम कर रहे हैं और उन्हें आशा है कि इस बारे में जल्द ही घोषणा की जाएगी। गौरतलब है कि इन दोनों खिलाड़ियों के साथ किए जाने वाले करार में एमसीसी मिडिलसेक्स की मदद कर रही है। हाल ही में वनडे क्रिकेट में अपने १७ हजार रन पूरे करने वाले सचिन इंग्लैंड में इससे पहले १९९२ में यॉर्कशायर काउंटी के लिए खेल चुके हैं। वे ट्वेंटी 20 मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं।
लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग में वे मुकेश अंबानी के स्वामित्व वाली मुंबई इंडियंस का नेतृत्व करते हैं। दूसरी ओर क्रिकेट से संन्यास ले चुके गिलक्रिस्ट अब तक इंग्लिश क्रिकेट काउंटी में नहीं खेले हैं। २क्क्७ में संन्यास लेने के बाद वे आईपीएल में डेक्कन चार्जर्स की कप्तानी का दायित्व संभाल रहें हैं।










