पाक में छिप रहे हैं तालिबान आतंकवादीः हिलेरी
वाशिंगटन। अमेरिकी विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन ने कहा है कि पाकिस्तान में अफगानिस्तान से सीमावर्ती इलाकों में तालिबानी आतंकवादी शरण ले रहे हैं। अगर इस पर रोक नहीं लगाई गई तो अफगानिस्तान समस्या खत्म नहीं होगी। हिलेरी ने कहा कि अमेरिका देश में उग्रवाद के खिलाफ कार्रवाई के लिए पाकिस्तान पर दबाव बनाता रहेगा।
हिलेरी ने पाकिस्तान के आजादी रेडियो को दिए गए एक इंटरव्यू में कहा कि हम जानते हैं कि सीमा पार आतंकवाद और उग्रवाद को पनपाया जा रहा है। अगर वे सुरक्षित ठिकाने के लिए पाकिस्तान चले जाते हैं तो अफगानिस्तान अपने भूभाग पर नियंत्रण नहीं कर सकता है और तालिबान को परास्त नहीं कर सकता है।
हिलेरी ने कहा कि हमारा मानना है कि पाकिस्तान में उग्रवादियों को उखाड़ फेंकने का प्रयास किया जाना चाहिए जो अफगानिस्तान के लिए खतरा है।










