26/11 दोहराने की फिराक में पाक आतंकी गुट: मनमोहन
वाशिंगटन। मुंबई आतंकी हमलों की बरसी के पहले प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने कहा है कि उन्हें प्रतिदिन ऐसी खुफिया रिपोर्ट मिल रही हैं कि पाकिस्तान के आतंकी गुट फिर 26/11 जैसे हमलों कीफिराक में हैं।
पाक द्वारा आतंकवाद को अपनी राजकीय नीति के रूप में इस्तेमाल किए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि हम उसके साथ सभी बड़े मुद्दों के हल को तैयार हैं, बशर्ते वह अपनी जमीन से हमारे खिलाफ आतंकी गतिविधियों बंद कर दे। उन्होंने कहा, ‘हम पाक प्रायोजित आतंकवाद से पीड़ित हैं।’
अमेरिका यात्रा से पहले ‘वाशिंगटन पोस्ट’ को दिए साक्षात्कार में मनमोहन सिंह ने कहा कि हम उदार प्रौद्योगिकी हस्तांतरण और असैन्य परमाणु समझौते के शीघ्र संचालन की मांग अमेरिका से करेंगे।
और क्या कहा मनमोहन ने:
- मुंबई हमलों के साजिशकर्ताओं को गिरफ्तार करने में पाक ने नहीं उठाए पर्याप्त कदम।
- आतंकवाद के खिलाफ युद्ध में पाक पूरी तरह से समर्पित नहीं।
- पाक में पकड़ मजबूत कर रहे आतंकी भारत की सुरक्षा के लिए खतरा।
- अफगानिस्तान में पाक और अमेरिका का मकसद एक समान नहीं।
- तालिबान की जीत के दक्षिण और पश्चिम एशिया में गंभीर परिणाम होंगे।
- अफगानिस्तान में करजई सरकार को अंतरराष्ट्रीय समर्थन की दरकार।
- भारत और चीन की महत्वाकांक्षाएं पूरी करने के लिए दुनिया में पर्याप्त जगह।
- शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए ईरान को परमाणु ऊर्जा के इस्तेमाल की अनुमति मिले।
अमेरिका से उम्मीदें व एजेंडा
- पाक को आतंकवाद के रास्ते सेहटाने के लिए अपने प्रभाव का इस्तेमाल करे।
- शिक्षा, स्वास्थ्य के क्षेत्र में व्यापक सहयोग देगा।
- जलवायु परिवर्तन के मुद्दे पर विकसित देशों के बीच कार्बन उत्सर्जन कम करने में सहमति बनाना।










