सेलिब्रिटी अब विवादों में
लंदन. रियलिटी शो ‘आई एम ए सेलिब्रिटी’ शुरू होते ही विवादों में घिर गया है। कई दर्शकों ने इसे प्रसारित करने वाले चैनल पर जानवरों के साथ खतरनाक व्यवहार करने के आरोप लगाए हैं।
इस रियलिटी शो में सेलिब्रिटीज को जंगल में रहने के लिए संघर्ष करना होता है, लेकिन यह शो उनके आपसी विवादों के कारण चर्चा में रहता है। इसके बावजूद यह ब्रिटेन में सबसे अधिक देखे जाने वाले शो में शामिल है।
इस बार शो के निर्माताओं पर जानवरों पर अत्याचार करने के आरोप लगे हैं, जो खुद दर्शकों ने भी लगाए हैं। उनका आरोप है कि शो में घोड़ों को एक तेज गति से बहती नदी में उतारा गया। इस दौरान डरे हुए घोड़े नदी में संघर्ष कर रहे थे। कई ने तो अपनी शिकायतें हॉर्स और हाउंड मैगजीन की वेबसाइट पर डाली हैं। दर्शकों के अलावा जानवरों के लिए काम करने वाली कई संस्थाएं भी विरोध में उतर आई हैं। पेटा के प्रवक्ता ने बताया कि हमें अब तक ढेरों शिकायतें मिल चुकी हैं।
बताया जा रहा है कि इस तरह इस शो के विरुद्ध करीब 100 शिकायतें दर्ज हुई हैं। आई टीवी पर प्रसारित किए जाने वाले इस कार्यक्रम के पहले एपिसोड में कैमिला डैलेरप, जस्टिन रीआन, स्टूअर्ट मैनिंग और जिमी व्हाइट को भारी वर्षा के बीच इस खतरनाक नदी को पार करना था। वे घोड़ों पर सवार होकर नदी में उतरे। इस दौरान व्हाइट और डैलेरप घोड़े से गिर पड़े। हालांकि शो के प्रवक्ता का कहना है कि घोड़े इसके लिए प्रशिक्षित थे।










