पाक: यूएन ऑफिस में हमला करने वाला गिरफ्तार
इस्लामाबाद। पाकिस्तान पुलिस ने राजधानी इस्लामाबाद स्थित संयुक्त राष्ट्र के विश्व खाद्य कार्यक्रम कार्यालय की इमारत पर पिछले महीने हुए आत्मघाती हमले के सूत्नधार को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
पुलिस महानिरीक्षक कलीम इमाम ने संयुक्त राष्ट्र कार्यालय की इमारत पर हुए आत्मघाती हमले के सूत्नधार एवं गिरफ्तार संदिग्ध जमशेद ऊर्फ ताहिर को शुक्रवार को प्रेसकांफ्रेंस में पेश करते हुए बताया कि यह राजधानी में इस वर्ष हुए सभी चार आत्मघाती हमलों में शामिल था।
उन्होंने कहा कि इस्लामाबाद में इस वर्ष पांच हमले हुए हैं जिनमें से चार की जांच की गई और जमशेद इन सभी चारों धमाकों में शामिल रहा है। गत पांच अक्टूबर को संयुक्त राष्ट्र कार्यालय पर हुए हमलों में इसका हाथ है जिसमें कार्यालय के छह कर्मचारियों की मौत हो गई थी और कई घायल हो गए थे। इसने मुहम्मद उर्फ इलियास और हारुन नामक दो आत्मघाती हमलावरों को संयुक्त राष्ट्र कार्यालय तक पहुंचाने में मदद की थी।
इमाम ने बताया कि यह संदिग्ध इस्लामाबाद के लाल मस्जिद क्षेत्न का रहने वाला है और इसका ताल्लुक अफगानिस्तान की सीमा पर स्थित ओरकजाई कबायली क्षेत्न स्थित एक आतंकवादी समूह से है। गिरफ्तार संदिग्ध के कब्जे से आत्मघाती हमलों के वक्त इस्तेमाल होने वाले जैकेट, करीब आठ किलोग्राम विस्फोटक और बम बनाने के सामान भी बरामद किए गए हैं।
पुलिस महानिरीक्षक ने बताया कि पुलिस को इस्लामाबाद में सेना के अधिकारियों पर हुई गोलीबारी की घटना में शामिल तत्वों के बारे में भी अहम सुराग मिले हैं।
गौरतलब है कि जुलाई 2007 में लाल मस्जिद में घुसे आतंकवादियों का सफाया करने के दौरान करीब 100 लोगों की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद पूरे पाकिस्तान में पिछले दो वर्षो के दौरान आत्मघाती और बम हमलों में 2550 से अधिक लोग मारे गए हैं।










