पायलट प्रशिक्षण होगा 30% सस्ता
अहमदाबाद. नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने सादे पेट्रोल से चलने वाले विमानों को खरीदने की मंजूरी दे दी है। ये विमान बिना रुके अहमदाबाद से दिल्ली तक उड़ान भर सकते हैं। इनकी कीमत 35 से 75 लाख रुपए तक होगी। इस तरह का देश का पहला विमान अहमदाबाद एविएशन एंड एरोनॉटिक्स (एएए) ने खरीदा है। इनके इस्तेमाल से पायलट प्रशिक्षण 30 फीसदी तक सस्ता हो जाएगा।
एएए के सीएमडी मुकेश भंडारी ने बताया कि विमान में उपयोग की जाने वाली एब गैस काफी महंगी होती है। सादे पेट्रोल से चलने वाले विमान के उपयोग से पायलट प्रशिक्षण की लागत 30 फीसदी तक कम हो जाएगी। फिलहाल पायलट प्रशिक्षण पर 20 लाख रुपए का खर्च आता है, लेकिन ऐसे विमानों के इस्तेमाल से 14 लाख रुपए में ही संभव होगा।
डीजीसीए की मंजूरी के बाद एएए ने इटली की टेकनान कंपनी से सादे पेट्रोल चाहित टू-सीटर एयरक्राफ्ट ‘पी 92 जेएफ’ खरीदा है। 72 लाख रुपए कीमत वाले इस विमान को पायलट प्रशिक्षण में इस्तेमाल किया जाएगा।
क्या है सादे पेट्रोल से चलने वाले विमान की खूबी
20 लीटर एब गैस से विमान एक घंटे तक उड़ सकता है, लेकिन सादे पेट्रोल से चलने वाला एयरक्राफ्ट 15 लीटर में ही एक घंटे तक उड़ान भरेगा। एब गैस की कीमत 110 रुपए प्रति लीटर है जबकि पेट्रोल की कीमत करीब 50 रुपए है।










