हड़ताली वनकर्मी करेंगे चुनाव में डच्यूटी
रायगढ़. प्रमुख 3 फायनेन्सियल मांगों को लेकर वनकर्मियों की हड़ताल जारी है, वहीं शिक्षाकर्मियों व कोटवरों की मांगे पूरी होते ही कलेक्टोरेट परिसर के सामने केवल वनकर्मियों का पंडाल ही शेष रह गया है। हड़ताल की अवधि में और विलंब होने की संभावना व शुक्रवार को आचार संहिता के लागू होते ही वनकर्मियों ने प्रांतीय निर्देशन पर चुनाव में डच्यूटी कर अपना सहयोग देने का निर्णय लिया है।
वनकर्मियों के जिला अध्यक्ष मधुसुदन तिवारी ने बताया कि चुनाव के महत्व को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। जिसमें वनकर्मियों ने शुक्रवार को कलेक्टर व एसपी प्रशासन व पुलिस के दोनों आला अधिकरियों को चुनाव डच्यूटी में काम करने के लिए लिखित में सहमति पत्र दे दिया है।
वहीं वनकर्मी हड़तालियों की मानें तो वे चुनाव संबंधी सभी कार्य करेंगे लेकिन वन विभाग संबंधी अपने दायित्वों को पूरा नहीं करेंगे। इस तरह चुनाव कर्तव्यों को निर्वहन करते हुए उनकी हड़ताल जारी रहेगी। जिससे जिन वनकर्मियों की डच्यूटी चुनाव में नहीं लगेगी वे धरना स्थल के पंडालों पर यथावत बने रहेंगे। इस तरह करोड़ों की राजस्व हानि के साथ जिले में वन तस्करों के तेज हो जाने की बात कही जा रही है दूसरी ओर वन समितियों ने भी वनकर्मियों का समर्थन करते हुए अपने हाथ खड़े कर दिए हैं।










