अफसरों की बढ़ी पगार
भिलाई. सेल प्रबंधन दिसंबर की पहली तारीख को देय नवंबर का वेतन नए पे- स्केल के आधार पर भुगतान करने राजी हो गया है। बेसिक व डीए के साथ उसका एरियर भी मिलेगा। पर्क्स का भुगतान इसके बाद किया जाएगा।
गुरुवार को हुई सेफी कोर ग्रुप और सेल प्रबंधन की बैठक में नए वेतन समझौेते के आधार पर वेतन भुगतान करने के संबंध में चर्चा हुई। बीएसपी आफिसर्स एसोसिएशन के महासचिव केडी प्रसाद ने बताया है कि अभी प्रारुप तय नहीं हुआ है, लेकिन प्रबंधन ने 1 दिसंबर के वेतन में बेसिक व नए डीए का भुगतान करने पर सहमति जता दी है।
इसके साथ ही दोनों का 1 जनवरी 2007 से अभी तक का एरियर्स भी मिलेगा। इसके पूर्व अफसरों को एडजेस्टेबल एडवांस के रूप पहले भी वेज रिविजन की राशि का भुगतान किया जा चुका है। दीवाली से पहले प्रत्येक अफसर को 40 हजार से लेकर सवा लाख रुपए एडवांस दिया गया था।
उक्त राशि समायोजित करने के बाद शेष का भुगतान अब एरियर्स के रूप में एकमुश्त किया जाएगा। यह राशि कम से कम 15 हजार से लेकर एक लाख रुपए तक होगी। इसके बाद मध्य दिसंबर में पर्क्स का भी भुगतान शुरू हो जाएगा। अफसरों ने 26 अक्टूबर 2008 से पर्क्स भुगतान करने की मांग की थी,लेकिन प्रेसिडेंसियल डायरेक्टिव 5 अक्टूबर 2009 को जारी होने के कारण पर्क्स का भुगतान इसी दिन से किया जाएगा।
प्रसाद ने बताया कि इस आशय का आदेश एक-दो दिन में ही जारी हो जाएगा। 23 अक्टूबर को वेज रिविजन कमेटी और सेल प्रबंधन के बीच हुई बैठक के बाद वेज रिविजन को हरी झंडी दे दी गई थी। इसमें (ई-0) 8600-14,600 से (ई-9) 23,750-28,550 को रिवाज्ड कर 12,600-32,500 से 62,000-80,000 नया वेज स्ट्रक्चर तय किया गया था। नए पे-स्केल के आधार पर वेतन व डीए भुगतान करने से बीएसपी अफसरों की तनख्वाह में लगभग तीस फीसदी की बढ़ोतरी हो जाएगी।
एरियर्स के रूप में मोटी रकम अलग मिलेगी। वेज रिविलन समझौते में प्रबंधन ने सप्ताह में 48 घंटे वर्क आवर वाले क्षेत्रों में कार्यरत अफसरों को 46 प्रतिशत और इससे कम वर्क आवर फील्ड में कार्यरत अफसरों को 44 प्रतिशत पर्क्स देने पर सहमति जताई है। अफसरों को कार खरीदने के लिए अब ज्यादा एडवांस मिलेगा। डिप्टी मैनेजर रैंक के अधिकारी को 3 लाख, मैनेजर, सीनियर मैनेजर और एजीएम को 5 लाख और डीजीएम से ऊपर के सभी अफसरों को 6 लाख तक कार एडवांस मिलेगा। हाउस बिल्डिंग एडवांस भी 8 लाख से बढ़ाकर 20 लाख कर दिया गया है।
डाक्टरों के नान प्रैक्टिस अलाउंस में भी बढ़ोतरी हो गई है। अब एमबीबीएस डिग्री वाले डाक्टरों को बेसिक का 20 प्रतिशत, एमबीबीएस के साथ डिप्लोमा वालों को 22.5 प्रतिशत और पीजी व उससे हाई डिग्री वाले डाक्टरों को 25 प्रतिशत एनपीए मिलेगा। रिमोट व डिफिकल्ट माइंस एरिया में कार्यरत अफसरों को 10 प्रतिशत स्पेशल अलाउंस देने का निर्णय लिया गया है। सुपर एनवेशन बेनिफिट के तहत 13.2 प्रतिशत राशि जमा की जाएगी। ग्रेच्युटी का आकलन बेसिक के 4.78 प्रतिशत की दर से किया जाएगा। इससे अब ग्रेच्युटी की सीमा साढ़े तीन लाख से बढ़कर लगभग 10 लाख हो जाएगी।










