ग्रामीणों ने जड़ा ताला
बालोद. पृथक पंचायत घोषित किए जाने की मांग को लेकर शुक्रवार को 12 बजे ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत में अनिश्चितकाल के लिए तालाबंदी कर दी।
ग्रामीणों ने बताया कि 19 नवंबर को दुर्ग कलेक्टोरेट में निर्वाचन अधिकारी के नाम अल्टीमेटम सौंपा गया और 20 नवंबर को भवन में ताला लगा दिया गया। सुबह पंचायत खुला रहा। ग्रामीण प्रशासनिक अधिकारियों का इंतजार करते रहे, लेकिन कोई नहीं आया।
दोपहर 12 बजे सभी ग्रामीणों ने मिलकर पंचायत में ताला लगा दिया। अब यह ताला तभी खुलेगा जब परसोदा को आश्रित ग्राम सोंहतरा से अलग कर पृथक पंचायत बनाया जाएगा। इस तालाबंदी के साथ ग्रामीणों ने त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव का बहिष्कार करने का भी निर्णय ले लिया है।
सरपंच भी समर्थन में : वर्तमान सरपंच सतरूपा ठाकुर ने भी स्वतंत्र पंचायत की मांग का समर्थन किया। उन्होंने बताया कि स्वतंत्र पंचायत की सभी शर्ते पूरी होने के बाद भी अधिकारों से हमें वंचित रखना अन्याय है, जबकि समय के पूर्व मांग के संबंध में निर्वाचन अधिकारी, जिलाधीश, पंचायत मंत्री, एसडीएम, सीईओ जनपद को लिखित में ज्ञापन सौंपा जा चुका है।
तालाबंदी करने वालों में ग्राम समिति के सदस्य दीपक यादव, चैतराम साहू, बसंत साहू, सुनील साहू, रामलाल सिन्हा, शंभू साहू, डा. गजेंद्र साहू, उधो ठाकुर, रामचंद ठाकुर, शिव साहू, माखन यादव सहित समस्त ग्रामीण शामिल थे।










