दुर्घटना में एक की मौत
शराब के नशे में मोटरसाइकिल चलाने के कारण एक व्यक्ति को अपनी जान से हाथ गवाना पड़ा। वहीं दूसरा व्यक्ति घायल हो गया, जिसे सागवाड़ा चिकित्सालय में भर्ती करवाया गया है।
घटना गुरुवार रात्रि सागवाड़ा-—डूंगरपुर मार्ग पर शंकर घांटी के समीप हुई। वरदा पुलिस के अनुसार भिलुड़ी निवासी रमेश (28) पुत्र मोका परमार (पटेल) व भीलुड़ा निवासी भगु पुत्र गौतम कटारा दोनों मोटरसाइकिल लेकर डूंगरपुर से गांव की ओर जा रहे थे कि शंकर घांटी मोड़ पर मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। जिससे रमेश की मौके पर ही मौत हो गई और भगु कटारा रात्रि को ही अन्य वाहन द्वारा सागवाड़ा चिकित्सालय पहुंचा , जहां उसका इलाज जारी है।जानकारी पर मौके पर पहुंचे वरदा थानाधिकारी हनवंतसिंह ने शव को डूंगरपुर चिकित्सालय पहुंचाया। यहां पोस्टमार्टम कर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया।
मेडीकल ज्यूरिस्ट डॉ. बीपी वर्मा ने बताया कि मृतक शराब के नशे में था। सिर में गंभीर चोट के कारण उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।










