15 कर्मी और 984 स्कूलों का काम
अम्बाला. सिर्फ 15 कर्मचारी जिले के 984 स्कूलों का काम देख रहे हैं। मसला ये है कि पिछले 20 साल से काम कई गुना बढ़ा लेकिन पद नहीं भरे गए। जब तक वर्क लोड का कोई समाधान नहीं होता, कर्मचारी हड़ताल जारी रखेंगे। यह कहते हुए डीईओ आफिस में हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने धरना जारी रखने की घोषणा की है।
कर्मचारियों का कहना है कि जिले में सरकारी व मान्यता प्राप्त स्कूलों सहित उक्त स्कूलों के लिए मात्र 34 क्लेरिकल पद हैं। इसमें से सिर्फ 15 ही कर्मचारी काम पर मौजूद है, बाकी पद खाली पड़े हैं। आखिर यह कब तक चलता रहेगा? बात यही नहीं अधिकारी उनसे दूसरे विभगों के काम भी कराते हैं।
इसके अलावा कर्मचारियों पर झूठे आरोप लगाकर उन्हे सस्पेंड किया जा रहा है। धरने को संबोधित करते हुए खंड प्रधान सुभाष धीमान ने कहा कि कर्मचारी को सस्पेंड करने के आदेश वापिस लिए जाने व खाली पड़े पदों की भर्ती को लेकर महानिदेशक को पत्र लिखा गया है। जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक पीछे नहीं हटेंगे।










