सिद्धबाड़ी में बनेगा अक्षरधाम मंदिर
धर्मशाला. अक्षरधाम ट्रस्ट ने कांगड़ा जिले के सिद्धबाड़ी में अक्षरधाम मंदिर बनाने का निर्णय लिया है। दिल्ली स्थित स्वामी नारायण अक्षरधाम मंदिर के प्रमुख आत्मा स्वरूप दास ने मंदिर निर्माण के लिए जिला प्रशासन से सिद्धबाड़ी में 5.19.33 हैक्टेयर भूमि उपलब्ध करवाने के लिए सरकार के पास आवेदन किया है। कांगड़ा में तीन शक्तिपीठों श्री चामुंडा नंदीकेश्वर धाम, श्री बज्रेश्वरी और श्री ज्वालामुखी मंदिर और चुगलाखंग बौद्ध मठ के बाद कांगड़ा में यह मंदिर धार्मिक पर्यटन का नया केंद्र बनेगा।
धर्मशाला में हर साल देश—विदेश के लाखों पर्यटक आते हैं। लिहाजा इस मंदिर के बनने से पर्यटक भारत की संस्कृति से रूबरू हो सकेंगे। भूमि उपलब्ध करवाने पर मंदिर निर्माण का पूरा दायित्व अक्षरधाम ट्रस्ट उठाएगा। वर्तमान में सिद्धबाड़ी में बौद्ध धर्म के ग्यूतो तांत्रिक विश्वविद्यालय में करमा कगयू पंथ के 17वें करमापा उगयेन त्रिनले दोरजे के बौद्ध मठ सहित प्रदेश विधानसभा भवन, तपोवन जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक और संवैधानिक संस्थान स्थित हैं।
दिसंबर में शिमला आएंगे सत्य साईं बाबा
सत्य साईं बाबा दिसंबर में शिमला प्रवास पर आएंगे। पुट्टापर्थी स्थित सत्य साईं बाबा आश्रम से मिली जानकारी के अनुसार बाबा अबर दिसंबर में शिमला नहीं आ सके तो उनका अगला दौरा मार्च 2010 में होगा। यह जानकारी वीरता में सत्य साईं बाबा के जन्म दिवस समारोह के आयोजकों ने दी। बाबा के दौरे के लिए प्रदेश साईं सेवा समिति ने 28 और 29 नवंबर को शिमला में प्रदेशस्तरीय बैठक रखी है।
इसमें प्रदेश की विभिन्न साईं समितियों के कार्यकर्ता शिरकत करेंगे। बाबा का शिमला का यह पहला दौरा होगा। शुक्रवार को बाबा के जन्मदिवस पर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में शोभा यात्राएं निकाली गईं। वीरता, देहरा, पंचरूखी, नगरोटा, पालमपुर, जयसिंहपुर, ज्वालामुखी की साईं समितियों ने हिस्सा लिया।










