आईटीआई से होटल मैनेजमेंट
मंडी. प्रदेश के पर्यटन उद्योग को बेहतर बनाने के लिए कुशल कर्मचारियों को हिमाचल में ही तैयार किया जाएगा। इसके लिए प्रदेश सरकार ने पहल शुरू कर दी है। प्रदेश की तीन आईटीआई में अगले सत्र से होटल मैनेजमेंट कोर्स की कक्षाएं शुरू होंगी।
इसके लिए पर्यटन विभाग ने छह करोड़ जारी कर दिए हैं। इनमें हर आईटीआई के लिए 2-2 करोड़ रुपए दिए जा रहे हैं। इस राशि से यहां पर आधारभूत ढांचा तैयार किया जाएगा और देश—विदेश की टूरिज्म इंडस्ट्री में आ रहे बदलाव और नवीनतम तकनीकों की जानकारी छात्रों को दी जाएगी।
इसके बाद उनको प्रदेश में सरकारी और निजी होटलों में ही नौकरी मिल सकेगी। प्रदेश में मंडी, कुल्लू जिले की शमशी और ऊना आईटीआई में यह कोर्स अगले सत्र से शुरू किया जा रहा है। इसके लिए तकनीकी शिक्षा निदेशालय में औपचारिक पत्र भी प्रदेश सरकार से मिल गया है। इस बारे में निदेशालय में इन आईटीआई के प्रिसिंपल जल्द ही बैठक करेंगे। इस मुहिम से पर्यटकों को बेहतर माहौल दिया जाएगा।
पर्यटन उद्योग को मिलेगा बल
प्रदेश को टूरिज्म से करोड़ों की आय होती है और हजारों लोग इस कारोबार से जुड़े हैं। प्रदेश में एडवेंचर्स टूरिज्म के अलावा अन्य सभी प्रकार के टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए इडंस्ट्री को कुशल कर्मियों की जरूरत है। ऐसे में यह पहल इडंस्ट्री को दक्ष कर्मचारी देने में सहायक सिद्ध होगी। इसके अलावा युवाओं को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे। साथ ही यहां से निकले छात्र निजी तौर से टूरिज्म इंडस्ट्री में काम कर सकेंगे।
तकनीकी शिक्षा विभाग के विशेष सचिव एवं डायरेक्टर एसएस गुलेरिया ने बताया कि पहले चरण में तीन आईटीआई में यह कोर्स शुरू किया जा रहा है। अगर यह प्रयोग सफल रहता है तो अन्य आईटीआई में भी इस कोर्स को शुरू किया जाएगा। प्रदेश में बढ़ती बेरोजगारी को कम करने के लिए यह अच्छी पहल सहायक हो सकती है। प्रदेश में एडवेंचर टूरिज्म के अलावा धार्मिक पर्यटन की असीम संभावनाएं हैं।










