निगम ने हटाया अतिक्रमण
शिमला. नगर निगम ने शहर में अतिक्रमण करने वालों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। निगम के सहायक आयुक्त ने कहा है कि अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई में किसी भी प्रकार की बाधा पहुंचाने वाले व्यक्ति की सूची हाईकोर्ट को दी जाएगी। निगम की टास्क फोर्स ने शुक्रवार को लोअर बाजार, सब्जी मंडी, गंज बाजार, टनल के पास का क्षेत्र और खुली जगहों पर बैठकर सामान बेचने वालों के खदेड़ा।
निगम प्रशासन के कर्मचारी निगम पुलिस और टास्क फोर्स के सदस्यों के साथ करीब 11 बजे लोअर बाजार पहुंचे और तहबाजारियों को हटाना शुरू किया। हालांकि कुछ देर बाद हटाए गए कुछ लोग दोबारा अपनी फड़ी और छाबे लेकर सामान बेचने बैठ गए। इसकी सूचना पाकर निगम दस्ते ने शाम को दोबारा लोअर बाजार पहुंचकर तहबाजारियों को खदेड़ा। रामबाजार में तहबाजारियों के खिलाफ कार्रवाई के दौरान निगम प्रशासन को भारी दिक्कत का सामना करना पड़ा था।
राम बाजार के तहबाजारी उनके खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई पर हाइकोर्ट की शरण में जा पहुंचे थे। राम बाजार के सड़कों पर दुकानें लगाने वाले 107 व्यापारियों और तहबाजारियों के खिलाफ नगर निगम कोर्ट की अवमानना का मामला तैयार कर सकता है। कई दिनों की कार्रवाई के बावजूद नगर निगम को अतिक्रमण हटाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण के खिलाफ यह कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। वहीं, निगम सहायक आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमण अभियान में नगर निगम प्रशासन हाईकोर्ट के आदेशों का ही पालन कर रहा है। उन्होंने कहा कि कुछ लोग इस अभियान में बाधा पहुंचा रहे हैं। उनकी सूची नगर निगम हाईकोर्ट को सौंपेगा।










