अल-कायदा का संदेश फैला रही हैं वेबसाइट्स
रियाद. ऐसी अंग्रेजी वेबसाइट्स की संख्या दिनों-दिन बढ़ रही है जो पश्चिम में मुस्लिमों के लिए अल-कायदा का संदेश फैलाने में लगी हैं। ये वेबसाइट्स दूसरी भाषा के लेखों व संदेशों का अनुवाद कर उन्हें अंग्रेजी के यूजर्स तक पहुंचाती हैं।
अक्सर अनवर अल-औलकी जैसे मौलवियों को भी इन वेबसाइट्स पर पेश किया जाता है। अमेरिकी मूल का औलकी हाल के वर्र्षो में अमेरिका तथा कनाडा में गिरफ्तार कई आतंकियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है।विशेषज्ञों के मुताबिक, ज्यादातर कट्टरपंथी इस्लामी वेबसाइट्स अल-कायदा द्वारा संचालित या निर्देशित नहीं हैं, लेकिन वे उसके जेहाद के प्रति सहानुभूति रखने वालों को जुटाने का शक्तिशाली हथियार हैं।
इस्लामी आतंकी वेबसाइट्स से लड़ने के लिए सऊदी अरब में चलाए जा रहे सरकारी कार्यक्रम अशकीना के प्रमुख अब्दुलमानम अलमुश्वाह ने बताया कि अल-कायदा से सहानुभूति रखने वाली अंग्रेजी भाषा की वेबसाइट्स की संख्या सात वर्ष पहले 30 के आस-पास थी जो अब बढ़कर 200 से अधिक हो गई है।










