मकानों में दरार से सहमे ग्रामीण
भास्कर न्यूज & जुंडला
मेन बाजार स्थित गुरुद्वारा गुरुनानक देव सेवक सभा में आई दरार के बाद अब आसपास के मकानों में भी दरारें पडऩे का सिलसिला शुरू हो गया है। मकानों में दरार आने से ग्रामीण भयभीत हैं और खुद को मौत के साए में महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि गलियों में नीचे दबे पाइप के लीक होने के कारण यह समस्या उनके सामने आ रही है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि जनस्वास्थ्य विभाग व गली बनाने वाले ठेकेदार की लापरवाही के चलते उन्हें इस परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने कहा कि वे डीसी जेएस अहलावत से मिलकर समस्या से निजात दिलाने की बात कहेंगे। उधर, गुरुद्वारे में आई दरार के चलते उसका एक हिस्सा गिराने तक की नौबत आई है और बिल्डिंग को गिरा दिया गया है। मेन बाजार की सड़क भी जमीन में धंस चुकी है।
गुरुद्वारे के हेड ग्रंथी बाबा जसविंद्र सिंह, रिंकू, विक्की अनेजा, कौशल देवी, अनिल शर्मा, मनोज कुमार, नवीन, विनोद कुमार ने आरोप लगाया कि कि बीते दिनों ठेकेदार ने मेन बाजार में कंकरीट सड़क बनाई थी। इस दौरान ठेकेदार ने लापरवाही बरतते हुए गली के साथ नालियां नहीं बनाई, जिससे पानी मकानों की नींव में जमा हो गया और दलदल होने के कारण नींव बैठ गई। इसके साथ ही जनस्वास्थ्य विभाग की ओर से बिछाई गई पाइप लाइन लीकेज होने के कारण पानी ने जमीन को खोखला कर दिया और सड़क भी धंस गई।
आसपास के मकानों की नींव में भी पानी भरने से मकानों में दरारें आ गई हैं। ग्रामीणों ने चेताया कि किसी ने ध्यान नहीं दिया तो वे सड़कों पर उतरकर इसके विरोध में प्रदर्शन करेंगे। गुरुद्वारे के ग्रंथी बाबा जसविंद्र सिंह का कहना है कि दरारों के चलते गुरुद्वारे का एक बड़ा हिस्सा भी गिरा दिया गया है ताकि किसी बड़ी दुर्घटना से बचा जा सके।










