कोहरा के चलते रेल चालकों को किया अलर्ट
रमिंद्र सिंह & अम्बाला
कोहरे का प्रभाव रेलमार्गों पर शुरू होते ही रेलवे अलर्ट हो गई है। परिचालन को ऐसे मौसम में बेहतर बनाने के लिए जहां रेलवे ने गैंगमैन, गार्ड, गेटमैनों व परिचालन स्टाफ को काउंसलिंग के जरिए अलर्ट करना शुरू कर दिया है, वहीं ट्रेन चलाने से पहले ब्रेथ एनलाइजर मशीन से रेल चालकों की जांच भी लगातार की जा रही है। यह देखा जा रहा है की कहीं रेल चालक ने शराब तो नहीं पी रखी। मानवीय भूल और नशे के कारण रेल हादसे न हो इसके लिए सख्त नजरिया अपनाया गया है। ब्रेथ एनलाइजर मशीन से चालकों की जांच होने से नशे का सेवन करने वाले चालक परेशान हैं। ड्यूटी शुरू होने के समय जांच होने के साथ ही बीच रास्ते में कहीं भी चालकों की जांच की जा सकती है। अम्बाला रेल मंडल में जहां से रेल चालक अपनी ड्यूटी शुरू करते हैं वहां इस मशीन के जरिए चालकों की जांच हो रही है।
घटना के बाद ज्यादा सतर्कता : हाल के दिनों में गाजियाबाद व फरीदाबाद के पास गैंगमैनों के ड्यूटी के दौरान रन ओवर (कट कर मरने) की घटनाएं बढ़ी हैं। गैंगमैनों की लगातार काउंसलिंग तक की जा रही है कि ड्यूटी के दौरान लगातार संरक्षा नियमों का वह पालन करें। मानव रहित गेटों पर सेफ्टी ड्राइव को तेज किया गया है। गार्ड, स्टेशन मास्टर, गेटमैन की कार्य पद्धति की लगातार जांच की जा रही है। रात के समय भी ब्रांच अधिकारी नजर रखने के लिए चेकिंग पर निकल रहे हैं। कुछ दिनों पहले ही रेलवे बोर्ड ने भी सभी जोन व डिवीजनों को सेफ्टी ड्राइव चलाने के निर्देश दिए हैं। रेलवे ने कोहरे के मौसम में सिग्नल की विजीबेल्टी पर नजर रखनी तेज कर दी है। रात के समय गेट और स्टेशनों की लेवल क्रासिंग चैक की जा रही है।










