लड़ाकू विमान बनाने में पाक का मददगार है चीन
इस्लामाबाद. चीन की मदद से बनाए गए पाकिस्तान के पहले बहुउद्देशीय जेएफ-14 थंडर जेट फाइटर के सभी परीक्षण माह अंत तक पूरे हो जाएंगे। इस्लामाबाद से 50 किमी दूर एयरक्राफ्ट मैन्यू फैक्चरिंग फैक्ट्री (एएमएफ) में टेस्टिंग आदि से गुजर रहा ये विमान धीरे-धीरे पाक वायुसेना के पुराने पड़ चुके ए-5, एफ-7 व मिराज विमानों की जगह लेगा।
जानकारों के अनुसार, जेएफ-14 लड़ाकू विमान पारंपरिक व आधुनिक, हर किस्म के बमों से लैस रहेगा। इसमें हवा से हवा और हवा से सतह पर मार करने वाली मिसाइलों को भी लोड किया जा सकेगा।
इनसे पाकिस्तान की सामरिक शक्ति में जबर्दस्त इजाफा होने की उम्मीद है। पीएएफ को छह जेएफ-17 विमान परीक्षण व आकलन के लिए पिछले वर्ष मार्च में दिए गए थे। इनमें एक का काम लगभग पूरा हो चुका है। बाकी के विमान भी कुछ समय बाद पाक वायुसेना में शामिल हो जाएंगे।










