दहेज के लिए बहू को पीटा, तीन नामजद
पिहोवा. दहेज की मांग को लेकर विवाहिता से मारपीट करने व उसे घर से निकालने के आरोप में पुलिस ने पीड़िता के पति, सास व ससुर के खिलाफ केस दर्ज किया है। डेरा फतेह सिंह वासी महिला गुरमीत कौर ने पुलिस में दर्ज शिकायत में कहा कि उसकी शादी 12 अक्टूबर 2006 को गांव रत्ताखेड़ा चीका वासी त्रिलोक सिंह के साथ हुई थी।
शादी के कुछ समय बाद तक सब ठीक रहा। लेकिन बाद में ससुराल पक्ष के लोगों ने उससे कार व एक लाख रुपए की मांग की। मांग पूरी न होने पर उन लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। तंग आकर उसने सारी बात अपने परिजनों को बताई तो वे पंचायत लेकर उसके ससुराल पहुंचे।
जहां ससुराल पक्ष के लोगों ने दोबारा ऐसा न करने की बात कहकर माफी मांग ली। लेकिन कुछ समय बाद उसके साथ फिर मारपीट की गई। आए दिन की प्रताड़ना से परेशान होकर उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। पुलिस ने महिला की शिकायत पर उसके पति त्रिलोक सिंह, ससुर लखबीर सिंह व सास जसबीर कौर के तहत केस दर्ज करके जांच शुरू कर दी।










