पैसे नहीं जुटे तो फंदा लगा लिया
लुधियाना. बहन की शादी अगले महीने थी और रुपयों का कोई जुगाड़ नहीं था। मुफलिसी ने बाड़ेवाल रोड निवासी महेश कुमार (35) को इतना तनाव दिया कि उसने अपनी ईहलीला ही समाप्त कर ली। महेश कुमार ने फिरोजपुर रोड पर बिजली बोर्ड के मुख्य दफ्तर के सामने बिजली के टॉवर से फंदा लगाया। उसका शव शुक्रवार सुबह झूलता हुआ बरामद हुआ।
थाना सराभा नगर पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। सुबह सैर के लिए निकले लोगों ने सड़क किनारे लगे बिजली के टॉवर पर शव झूलता देखा। मुख्य मार्ग पर ऐसी घटना से लोगों में सनसनी फैल गई। उन्होंने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। भाई विजय के अनुसार महेश माडल टाउन में जूते की दुकान पर सेल्समैन था।
वह अविवाहित था। उनकी बहन की शादी अगले महीने की तय हुई है। शादी के लिए वह सब रुपए पैसों का जुगाड़ करने में जुटे हुए थे। रुपए इकट्ठा होने में दिक्कत आ रही थी। महेश ने बैंक से लोन भी अप्लाई किया था, लेकिन बैंक ने लोन देने से इंकार कर दिया था। इसके बाद से वह तनाव में रहने लगा। विजय के अनुसार महेश वीरवार को काम पर गया था लेकिन रात को नहीं लौटा। सुबह पुलिस ने महेश की मौत की खबर दी।










