महिलाओं को शिकार बनाने वाला गिरफ्तार
चंडीगढ़. वीरवार सुबह सेक्टर-35 में बुजुर्ग महिला को घायल कर सोने की चूड़ियां छीनने वाले को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक इस शख्स का नाम इंद्रजीत सिंह है और वह सेक्टर-35 में ही रहता है। उसके पास से चोरी की चार कारें और गहने बरामद हुए हैं और कोर्ट ने उसे चार दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
शुक्रवार को सेक्टर-36 थाने में एसएसपी सुधांशु शेखर श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि इंद्रजीत कई दिनों से शहर में स्नैचिंग और गाड़ी चोरी की वारदातें कर रहा था। वीरवार देर रात थाना-36 की पुलिस ने उसकी कार को नाके पर रोका। चेकिंग में कार के कागजात जाली पाए गए, उसने भागने की कोशिश भी की थी।
सुबह के वक्त निकलता था
इंद्रजीत बुजुर्ग महिलाओं को स्नैचिंग व लूट का शिकार बनाता था। वह पाना व स्क्रू ड्राइवर से वार करके गहने लूटता था। इंद्रजीत ने बताया कि वह वारदात को सुबह के समय अंजाम देता था। उस वक्त लोग बेफिक्र होकर सैर कर रहे होते हैं और पुलिस की तैनाती भी कम होती है।
कार चुराने में दो मिनट
इंद्रजीत ने पुलिस को बताया कि वह ज्यादातर मारुति कारें चोरी करता था। सेंट्रल लॉकिंग न होने के कारण इन्हें चोरी करने में 2-3 मिनट ही लगते हैं और आसानी से बिक भी जाती हैं।
पत्नी अंजान
इंद्रजीत की पत्नी रानी इस बात से अंजान है कि उसका पति ऐसे काम करता है। रानी ने पुलिस को बताया कि वह हर सुबह यही कह कर जाता था कि सैर करने जा रहा हूं।










