819 मतदान दल कराएंगे वोटिंग
रायपुर. जिला प्रशासन ने नगरीय निकाय चुनाव के मद्देनजर रूपरेखा तैयार कर ली है। मतदान दलों के गठन और उनके प्रशिक्षण के साथ मतगणना का भी ब्लू प्रिंट बनाया गया है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी और कलेक्टर संजय गर्ग ने नगर निगम के अफसरों को जरूरी निर्देश दिए हैं। निगम दफ्तर में एनओसी काउंटर खोलने और संपत्ति विरुपण की कार्रवाई के लिए टीम गठित करने को कहा है।
रायपुर नगर निगम के चुनाव 679 मतदान केंद्र पर कराए जाएंगे। इन पर सुचारू वाटिंग कराने 819 मतदान दल होंगे। इनमें से कुछ दल रिजर्व रखे जाएंगे। पूरी प्रक्रिया पर 31 जोनल अधिकारी निगरानी रखेंगे। कलेक्टोरेट में आयोजित बैठक में पोलिंग पार्टियों को सामग्री के वितरण की व्यवस्था बना ली है। सामग्री वितरण के लिए बीटीआई ग्राउंड और साइंस कालेज मैदान पर 31 काउंटर होंगे।
निर्वाचन की प्रक्रिया खत्म होने के बाद सामग्री की वापसी मतगणना स्थल पर ही होगी। अफसरों के मुताबिक चुनाव कार्य के लिए 76 बसों का अधिग्रहण किया जाएगा। इसकी प्रक्रिया 24 दिसंबर से शुरू हरें जाएगी। जोनल अधिकारियों के लिए अलग से वाहनों की व्यवस्था की जानी है।
बैठक में हिस्सा लेने वाले अफसरों समक्ष चुनावी रूपरेखा के बारे में उप जिला निर्वाचन अधिकारी टामन सिंह सोनवानी ने विस्तृत ब्यौरा पेश किया।
ट्रेनिंग दो चरणों में : मतदान दलों की ट्रेनिंग की व्यवस्था साइंस कालेज में की गई है। यह नामांकन से पूर्व और पश्चात दो चरणों में कराए जाना निर्धारित है। अफसरों ने बताया कि पहले चरण का प्रशिक्षण 4 व 5 दिसंबर को होगा।
मतदान कराए जाने संबंधी जरूरी प्रशिक्षण 19 व 20 दिसंबर को दिया जाएगा। गौरतलब है कि रायपुर नगर निगम का चुनाव 27 दिसंबर को होंगे। महापौर और पार्षद पद के उम्मीदवार से कलेक्टोरेट परिसर पर बनाए गए काउंटर पर 7 से 14 दिसंबर तक नामांकन लिए जाएंगे। नामांकन पत्रों की जांच 15 दिसंबर और नाम वापसी की तिथि 17 दिसंबर निर्धारित की गई है।
सेजबहार में 30 को मतगणना : विधानसभा चुनाव की तरह शासकीय इंजीनियर कालेज सेजबाहर में मतगणना की व्यवस्था की गई है। वहां 30 दिसंबर को छह बड़े हाल में काउंटिंग होगी। इसके लिए 100 टेबल लगाए जाएंगे। प्रत्येक पर तीन-तीन मतगणनाकर्मी रहेंगे। इसके अलावा अलग से असिस्टेंट रिर्ट्िनग अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं, मतगणना की प्रक्रिया पर नजर रखेंगे। चुनाव के बाद मतपेटियों को सुरक्षा घेरा में रखने के लिए चार स्ट्रांग रूम भी बनाए जा रहे हैं। वहां कंट्रोल रूम के अलावा मीडिया सेंटर भी होगा।










