विधवा बेटी पर डाली बुरी नजर
लुधियाना. हैबोवाल निवासी अधेड़ ने वो हरकत की कि इंसानियत शर्मसार हो जाए। उक्त अधेड़ ने अपनी ही विधवा बेटी पर बुरी नजर डाली। आरोपी ने घर में अकेली पाकर अपनी बेटी को दबोच लिया और अश्लील हरकतें की। अधेड़ की दूसरी बेटी ने अपनी बहन को हैवान बने पिता के चंगुल से छुड़ाया। उक्त अधेड़ को उसकी दूसरी पत्नी ने घर से निकाल दिया था।
दर-दर की ठोकरें खा रहे पिता पर तरस खाकर अधेड़ की बेटियों ने उसे अपने घर में पनाह दी थी। थाना हैबोवाल पुलिस ने युवती की श्किायत पर उसके पिता पर मामला दर्ज कर लिया है। उक्त आरोपी भागा हुआ है। आरोपी की पहली पत्नी की मौत हो चुकी थी। उसने दूसरी शादी रचा ली थी। दोनों बेटियों की शादी के बाद वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ ही रह रहा था।
उसकी बेटी कमला (काल्पनिक नाम) के पति की मौत शादी के कुछ वर्ष बाद ही हो गई थी। कमला की छोटी बहन मोहिनी (काल्पनिक नाम) भी तलाकशुदा है। जसवीर लाल की दोनों बेटियां हरगोबिंद नगर, हैबोवाल में रहने लगी थीं। पिछले दिनों जसवीर लाल की दूसरी पत्नी ने उसे घर से निकाल दिया था। जसवीर लाल कुछ दिनों से अपनी बेटियों के पास रहने लगा था।
गत 4 अक्टूबर को मोहिनी किसी काम से बाजार गई हुई थी, जबकि कमला घर पर अकेली थी। कमला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि इसी दौरान उसके पिता ने आकर दबोच लिया और अश्लील छेड़छाड़ करने लगा। उसने पिता से बचने का प्रयास किया और शोर भी मचाया। इसी बीच मोहिनी बाजार से वापस आ गई।
मोहिनी ने उसे पिता के चंगुल से बचाया। इसके बाद उनका आरोपी पिता वहां से फरार हो गया। थाना हैबोवाल के एसएचओ गुरप्रीत सिंह के अनुसार यह मामला डीएसपी की जांच के बाद दर्ज हुआ है। आरोपी जसवीर लाल भागा हुआ है। पुलिस उसकी तलाश कर रही है।










