कांग्रेसियों ने जगेड़ा को घेरा
लुधियाना. कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार दोपहर को सतपाल मित्तल रोड पर संत सिपाही दल के प्रधान संत शमशेर सिंह जगेड़ा का घेराव किया। कांग्रेसियों ने जगेड़ा को काली पट्टियां दिखाईं और उसके खिलाफ नारेबाजी की। वह जगेड़ा के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग कर रहे थे। जगेड़ा पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह पर ब्लात्कार जैसे संगीन आरोप लगाने वाली महिला रणजीत कौर का हिमायती हैं।
वह इसी संबंध में प्रेस कांफ्रेंस करने के लिए यहां स्थित रेस्टोरेंट में आए हुए थे। प्रदर्शन से पहले प्रेस कांफ्रेंस में जगेड़ा ने कहा कि रणजीत कौर को जान माल का खतरा है। इसी लिए उसका पता छिपाया गया है। अगर पुलिस सुरक्षा दे तो रणजीत कौर सामने आएगी। जगेड़ा ने यह भी कहा कि वह इस संबंधी शिकायत डिप्टी सीएम व पुलिस को सौंप चुके हैं।
हालांकि पत्रकारों के पूछे गए सवालों का जगेड़ा कोई जवाब नहीं दे पाए और बात टालते रहे। प्रेस कांफ्रेंस के बाद जैसे ही संत शमशेर सिंह जगेड़ा अपनी गाड़ी में बैठने लगे। पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों ने उन्हें घेर लिया। कांग्रेसियों ने कहा कि जगेड़ा एक महिला को ढाल बनाकर पूर्व मुख्यमंत्री व पार्टी पर कीचड़ उछाल रहा है।
मौके पर मौजूद पुलिस कर्मियों ने बीच-बचाव संत जगेड़ा को वहां से गाड़ी में बिठाकर भेजा। कांग्रेसियों ने कहा कि सरकार इस मामले की उच्च स्तरीय जांच कराए। प्रदर्शनकारियों में सरबजीत सिंह बंटी, शहर विकास सैल के उप चेयरमैन जसबीर सिंह गिल, पंकज सूद, जिला कांग्रेस महासचिव कमलजीत सिंह पप्पू, सुनील कपूर, नरिंदर गुप्ता, अनिल बग्गा, हरदीप चावला, जोगिंदर जंगी, किशोर घई, अशोक अरोड़ा, दीपक अरोड़ा, बॉबी बैंस भी मौजूद रहे।










