सेल टैक्स ने स्टेशन के बाहर से माल उठाया
लुधियाना. सेल टैक्स डिपार्टमेंट ने बिना बिल के माल पर अपना शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। वीरवार देर रात डिपार्टमेंट ने रेलवे स्टेशन के बाहर से हौजरी माल के तकरीबन 100 से अधिक नग कब्जे में ले लिया। डिपार्टमेंट को शक था कि ये माल बिना बिल का है। शुक्रवार सुबह थाने में ही सेल टैक्स के अधिकारियों ने माल के बिल चैक किए।
उधर, माल पकड़े जाने के बाद शुक्रवार को व्यापारी भी थाना सलेम टाबरी में पहुंच गए। कुछ व्यापारियों का आरोप था कि बिल फीड होने के बावजूद डिपार्टमेंट ने बेवजह उनका माल उठाया है। गौर रहे कि बिना बिल के माल पर शिकंजा कसने के लिए विभाग ने जिला पुलिस की मदद ली है। वीरवार देर रात सेल टैक्स डिपार्टमेंट की टीम ने स्टेशन के बाहर कार्रवाई की।
पुलिस के साथ संयुक्त तौर पर की गई इस कार्रवाई में विभाग ने सेल टैक्स बूथ के बाहर मौजूद हौजरी के तकरीबन सौ नगों को कब्जे में ले लिया। थाना कोतवाली एरिया से पकड़े गए इन नगों को विभाग के लोग अपने साथ थाना सलेम टाबरी में ले गए। विभागीय अधिकारियों का कहना था कि ये माल बिना बिल का हो सकता है और या इस माल को जाली बिलों के सहारे भेजा जा रहा है।
सेल टैक्स डिपार्टमेंट के इतनी बड़ी तादाद में माल कब्जे में लेने की सूचना मिलते ही शुक्रवार सुबह व्यापारियों का जमावड़ा थाना सलेम टाबरी के बाहर लग गया। व्यापारियों का आरोप था कि बिलिंग वाले माल को सेल टैक्स वालों ने कब्जे में लिया है। जो सरासर धक्केशाही है। व्यापारियों के कहने पर थाने में ही सेल टैक्स वालों ने अपना दफ्तर खोल लिया। उन लोगों ने वहीं बिलों की जांच की और सही पाया गया माल छोड़ दिया।










