गन्ने की कीमत बढ़ाई जाए : सीएम
रायपुर. मुख्यमंत्री डा. रमनसिंह भी किसानों के हित में गन्ने की कीमतें (एफआरपी) बढ़ाने के हिमायती हैं। उन्होंने इस संबंध में केंद्रीय कृषिमंत्री शरद पवार को पत्र लिखा है। श्री सिंह ने श्री पवार को भेजे पत्र में कहा है कि गन्ने की कीमत बढ़ाने की बेहद जरूरत है। केंद्र सरकार को इस पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए।
किसानों को मेहनत का वाजिब मूल्य मिलना चाहिए। श्री सिंह ने 2009-10 में गन्ने की एफआरपी 129 रुपए 84 पैसे प्रति क्ंिवटल तय किए जाने का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को कवर्धा जिले के गन्ना कारखाने और भविष्य में शुरू होने वाले बालोद और अंबिकापुर के शक्कर कारखानों की वित्तीय स्थिति को भी ध्यान में रखना होगा ये कारखाने सहकारिता से खोले जा रहे हैं।
उन्होंने श्री पवार से लेव्ही शक्कर के लिए केंद्र द्वारा निर्धारित मात्रा 20 प्रतिशत से घटाकर पूर्ववत 10 फीसदी बनाए रखने की मांग की। उन्होंने आशंका जताई कि 20 प्रतिशत मात्रा रखने पर सहकारिता क्षेत्र के कारखानों को घाटा हो सकता है। उन्होंने कहा कि एक साल में गन्ने की एफआरपी में करीब 40 रुपए प्रति क्ंिवटल की बढ़ोतरी हो चुकी है, लेकिन शक्कर लेव्ही की दरें नहीं बढ़ीं हैं। शक्कर लेवही की मात्रा 10 से बढ़ाकर 20 फीसदी करके उसका फ्रीसेल कोटा भी रोककर दिया गया है। उन्होंने राज्य के शक्कर कारखानों को फ्रीसेल कोटा मुक्त करने का आग्रह किया।










