Saturday, Nov 21st, 2009, 2:59 am [IST]  

danik bhaskarबुड़ैल जेल: विदेशी कैदी ने जेलकर्मी को पीटा

संजीव महाजन

चंडीगढ़. मॉडल जेल बुड़ैल में शुक्रवार सुबह तलाशी लेने की कोशिश पर विदेशी कैदी ने जेल कर्मचारी को पीट दिया। घायल कर्मचारी को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन पुलिस ने देर रात तक कोई कार्रवाई नहीं की थी।



जेल स्टाफ रोज ही बैरकों की सफाई कराती है। शक होने पर जेल प्रबंधन कैदियों की तलाशी भी लेती है। शुक्रवार सुबह जेल कर्मचारी राजपाल 12 चक्की स्थित एक बैरक में गया। बैरक में एनडीपीएस एक्ट के तहत पकड़ा गया विचाराधीन कैदी पीटर मौजूद था। बैरक की सफाई के दौरान राजपाल को कुछ आपत्तिजनक सामान मिला। शक होने पर राजपाल ने पीटर से पूछताछ करनी चाही, तो उसने बैरक को अंदर से बंद कर लिया और राजपाल की पिटाई शुरू कर दी।

शोर सुनकर अन्य कर्मचारी बैरक के बाहर पहुंच गए। इसके बाद बैरक में बंद अन्य कैदियों ने बैरक खोली। अन्य कर्मचारियों ने राजपाल को पीटर के चंगुल से छुड़ाया। राजपाल को जीएमसीएच ले जाया गया। जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट अमनदीप सिंह ने थाना 34 को जानकारी दी। पुलिस ने जेल पहुंचकर राजपाल के बयान लिए हैं। राजपाल ने जेल प्रबंधन को पीटर के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। जेल के रजिस्टर में रपट दर्ज की गई है। पुलिस ने देर रात तक एफआईआर दर्ज नहीं की थी।



जेल में खेल, नई बात नहीं



जेल में इसी साल कत्ल के मुलजिमों के बीच मारपीट भी हो चुकी है। यह मामला पुलिस तक गया था। जेल में बंद ज्योतिषी ने इसी साल जेल स्टाफ पर पैसे हड़पने का आरोप लगाया था। जेल में इसी साल दो बार विचाराधीन कैदी सर्च के दौरान ड्रग्स समेत पकड़े जा चुके हैं।



पिछले साल ड्रग माफिया लियोर बिन मोयाल बुड़ैल जेल में गश खाकर गिर गया था। जेल में ही उसने ज्यादा मात्रा में दवाएं खा ली थीं। ड्रग्स के मामले में पकड़े गए हरपाल सिंह उर्फ राजू ने पिछले साल जेल में आत्महत्या की कोशिश की थी। हरपाल ने जेल स्टाफ पर मारपीट का आरोप भी लगाया था।

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: