बनेगा राजस्थान का पहला निजी इंडस्ट्रियल पार्क
राजस्थान का पहला निजी रतन इंडस्ट्रियल पार्क किशनगढ़ में खुलने जा रहा है। इस पार्क में देशभर के उद्यमियों को यूनिट स्थापित करने का मौका मिलेगा। वहीं तीस हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध होगा।
सौ करोड़ की लागत से इस पार्क को 165 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। यह पार्क जयपुर से लगभग 90 किलोमीटर की दूरी पर है। रतन इंडस्ट्रियल पार्क के सीईओ एसके शर्मा ने शुक्रवार को एक प्रेस वार्ता में यह जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि यह पार्क मैसर्स रत्नावली कॉलोनाइजर्स प्राइवेट लिमिटेड की ओर से विकसित किया जा रहा है। राजस्थान सरकार के साथ एमओयू भी साइन हुआ है। जनवरी 2010 में इस प्रोजेक्ट को लांच किया जाएगा। इसके दिसंबर 2010 तक पूरे होने की उम्मीद है। इसमें एक हजार, दो हजार और पांच हजार मीटर के प्लॉट होंगे। इन्वेस्टर को पजेशन मिलने के बाद एक साल में कंस्ट्रेक्शन करना होगा। इसके एक साल बाद यूनिट शुरू करना जरूरी होगा।
अन्यथा पजेशन कैंसिल हो जाएगा। इसमें करीब 5000 करोड़ का निवेश होगा और प्रतिवर्ष इसका टर्नओवर 2000 करोड़ होगा। इसकी बुकिंग शुक्रवार से शुरू हो चुकी हैं और 176 यूनिट आने की उम्मीद है।
डीएमआईसी के निकट होने पर यह पश्चिमी बंदरगाहों से सीधा जुड़ेगा और उद्यमियों को ट्रांसपोर्टेशन में आसानी होगी। इसमें ऑटो कम्पोनेंट, इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण और सामान्य जोन विकसित किए जाएंगे। दूसरे फेज में फ्लैट्स और हॉस्टल बनेंगे। महिला कर्मचारियांे के लिए हॉस्टल और क्रेच डवलप होंगे। इसके अलावा एंकर इंडस्ट्री भी डवलप की जाएगी। शीघ्र ही फागी में भी ऐसा इंडस्ट्रियल पार्क खोलने की उम्मीद है।










