बदलेंगी वाटर सप्लाई पाइपें
अमृतसर. वाल्ड सिटी के भाग खुल गए हैं। चाहे साढ़े छत्तीस करोड़ का सीवरेज प्रोजैक्ट, बोर्ड के ढीले रवैये की वजह से अधर में है, लेकिन निगम कमिश्नर ने अंदरून शहर के लिए वाटर सप्लाई का प्रोजैक्ट पास करा लिया है। जवाहर लाल नेहरू नैशनल अर्बन रिन्यूवल मिशन (न्यूरम) के तहत प्रोजैक्ट के लिए 52 करोड़ रुपए केंद्र सरकार ने पास कर दिए हैं।
इसमें केंद्र सरकार पचास फीसदी ग्रांट देगी, जबकि पंजाब सरकार बीस और निगम तीस फीसदी मैचिंग शेयर डालेगा। प्रोजैक्ट से भीतरी शहर के 13 वार्डो के दो लाख लोगों को लाभ मिलेगा। 77 किलोमीटर नई पाइप लाइन बिछाई जाएगी, जिससे तीस हजार लोगों को पानी के कनैक्शन मुहैया होंगे। भीतरी शहर में सीवरेज सिस्टम के लिए भी 36.90 करोड़ का प्रोजैक्ट पास है।
कमिश्नर खरबंदा के प्रयासों के बाद इसे न केवल हरी झंडी मिली, बल्कि 14 मार्च को सरकार ने पहली किश्त का पचास फीसदी हिस्सा 4.08 करोड़ और प्रदेश सरकार ने बीस फीसदी हिस्सा 1.63 करोड़ जारी कर दिया। यह पैसा अभी तक बोर्ड दबाए बैठा है।
बोर्ड को अभी तक सीवरेज बदलने की तकनीक तक नहीं मिल पाई है। 16 नवंबर को तीसरी बार टैंडर लगाया गया है। 52 करोड़ के वाटर सप्लाई प्रोजैक्ट का जिम्मा भी सीवरेज बोर्ड पर है, ऐसे में आलम क्या रहेगा इसका अंदाजा सहज लगाया जा सकता है।
लोगों को मूलभूत सुविधा देने का हमने वायदा किया था, उसे पूरा करने में कोई कसर बाकी नहीं छोड़ी जा रही है। वाल्ड सिटी के लिए पहले सीवरेज और अब वाटर सप्लाई प्रोजैक्ट पास हुआ। - श्वेत मलिक, मेयर
शुक्रवार को दिल्ली में न्यूरम प्रोजैक्टों के चेयरमैन व अर्बन डिवैल्पमेंट मंत्रालय के प्रिंसीपल सचिव एम रामाचंद्र की अध्यक्षता में हुई बैठक में 52 करोड़ का वाटर सप्लाई प्रोजैक्ट पास हुआ है। - डीपीएस खरबंदा, कमिश्नर










