15 करोड़ की हेरोइन जब्त
जोधपुर. बाड़मेर पुलिस व एटीएस ने केन्द्रीय खुफिया एजेंसी की सूचना पर पाकिस्तान सीमा के नजदीक दीपला गांव स्थित जाटों का बेरा पर गोकुलराम के घर दबिश देकर 15 पैकेट हेरोइन जब्त की है। पुलिस का कहना है कि यह हेरोइन पाकिस्तान से गुरुवार को ही लाई गई थी।
सीमा पार से हेरोइन की यह खेप आलिया व फोटिया ने भेजी थी। अन्तरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत 15 करोड़ रुपए आंकी गई है। पुलिस ने कुख्यात तस्कर बलवंतदान को गिरफ्तार कर लिया जबकि उसके दो साथी गोकुल पुत्र रामाराम व गोकुल पुत्र सिमरथाराम मौके से भाग गए।
खुफिया एजेंसी आईबी से बाड़मेर पुलिस को सूचना मिली थी कि बाखासर थाना क्षेत्र के ऊंट की बावड़ी निवासी बलवंतदान ने जाटों का बेरा पर बड़ी मात्रा में हेरोइन छुपा कर रखी है। इस पर वहां दबिश दी गई। इस दौरान बलवंतदान पुलिस के हत्थे चढ़ गया लेकिन उसके दो साथी, गोकुल पुत्र रामाराम व गोकुल पुत्र सिमरथाराम मौके से भाग गए।
बलवंतदान की निशानदेही पर पुलिस ने जमीन में दबाकर रखे हेरोइन के एक—एक किलो के 15 पैकेट बरामद किए। बरामद हेरोइन पर पाकिस्तान व 888 मार्का अंकित है। गौरतलब है कि करीब दो माह पूर्व बाड़मेर सीमा पर विस्फोटक व हथियार पकड़े जाने के बाद बड़ी मात्रा में हेरोइन आने का भी खुलासा हुआ था।
उस समय पकड़े गए तस्कर खानिया ने बलवंतदान को एक पैकेट हेरोइन देने की बात कही थी। इसी दौरान सीमा पार से करीब सवा डेढ़ क्विंटल हेरोइन आने की पुष्टि हुई थी। इसके बाद जैसलमेर में यारमोहम्मद के कब्जे से 58 किलो हेरोइन पुलिस ने जब्त की थी।










