नया जयपुर: प्लानर्स का पैनल तैयार
जयपुर. आगरा रोड पर 105 वर्ग किलोमीटर में प्रस्तावित नया जयपुर परियोजना के लिए मुंबई, अहमदाबाद, पूना और दिल्ली के आर्किटेक्ट्स और टाउन प्लानर्स प्लानिंग करेंगे। चीफ टाउन प्लानर की अध्यक्षता में गठित कमेटी ने शुक्रवार को टाउनप्लानर्स, आर्किटेक्ट्स और संस्थाओं का पैनल सरकार को सौंप दिया है। पैनल में 10 विशेषज्ञों का नाम सुझाया गया है। अंतिम निर्णय सरकार करेगी।
नया जयपुर क्षेत्र की प्लानिंग और आवश्यक नियम कायदे तैयार करने के लिए राज्य के चीफ टाउन प्लानर पीके पांडे के नेतृत्व में एक उच्चस्तरीय कमेटी का गठन किया गया था। कमेटी की शुक्रवार को हुई बैठक में 10 टाउनप्लानर्स और आर्किटेक्ट्स की सूची को अंतिम रूप देकर सरकार को भेजी गई।
वर्ल्ड क्लास सिटी : बैठक आज, कार्य योजना जनवरी तक कर ली जाएगी तैयार
जयपुर को वर्ल्ड क्लास सिटी बनाने के लिए शनिवार को मोटे तौर पर खाका तैयार कर लिया जाएगा। इसके बाद हर पखवाड़े बैठकें करके शहर के हर वर्ग से सुझाव मांगे जाएंगे, जिनसे अंतिम रिपोर्ट तैयार की जाएगी। नगरीय विकास विभाग के प्रमुख सचिव जी.एस. संधु की अध्यक्षता में सुबह 11.30 बजे जेडीए सभागार में होने वाली बैठक में मौजूदा विकास कार्यो की प्रगति की समीक्षा करके उन्हें इस प्रोजेक्ट में शामिल किया जाएगा। संधु ने बताया कि जनवरी 2010 के अंत तक एक्शन प्लान तैयार कर लिया जाएगा। वर्ल्ड क्लास सिटी बनाने के लिए आवास विकास लिमिटेड (एवीएल) जनवरी 2010 के अंत तक रिपोर्ट सरकार को सौंपेगी।










