रोकने वाले ही फैला रहे हैं फ्लू
जयपुर. संदीप (बदला नाम) एसएमएस अस्पताल में जूनियर रेजीडेंट डाक्टर हैं। स्वाइन फ्लू को लेकर वह बेहद सचेत हैं और बिना मास्क के कभी अस्पताल नहीं जाते। हर शाम की तरह शनिवार को भी पौने तीन बजे वह काम खत्म करके हॉस्टल के लिए निकले और अपनी कार स्टार्ट करने से पहले मास्क को स्टैंड पर ही फेंक दिया..वहां पहले से पड़े कई मास्क बता रहे थे कि ऐसा करने वाले वह एकमात्र व्यक्ति नहीं है और न हीं सिर्फ एसएमएस ऐसी जगह है।
स्कूल, प्राइवेट संस्थान आदि के बाहर मास्क फेंके होना आम बात है। यहां तक कि सड़क के किनारे भी इसे देखा जा सकता है। चिकित्सकों के अनुसार स्वाइन फ्लू के बचाव के लिए काम में लिए जाने वाले मास्क को इधर—उधर डालने से हवा में संक्रमण की आशंका रहती है। जहां पर मास्क डाला है, वहां पास से गुजरने वाले प्रत्येक व्यक्ति भी इससे संक्रमित हो सकता है। जयपुर अस्थमा एलर्जी सेंटर के डायरेक्टर डॉ.महेश गोयल के अनुसार कहीं भी पड़े मास्क से हवा जरिए या उसके संपर्क से गुजरने वाले व्यक्ति में वायरस संक्रमण की पूरी आशंका रहती है।
मास्क को उपयुक्त जगह ही डालें
अस्पताल कर्मचारियों और लोगों को जागरूक करने के लिए प्रयास किए जाएंगे। जगह-जगह बोर्ड लगवाए जाएंगे, जिसके जरिए लोगों को बताएंगे कि वह मास्क को उपयुक्त जगह ही डालें। मास्क के अस्पताल के आसपास फेंके होने की फिलहाल जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो इसे तुरंत साफ करवाया जाएगा।
- डॉ. नरपत सिंह शेखावत, अधीक्षक, एसएमएस अस्पताल
लगाना होगा साइन बोर्ड
अस्पतालों में स्वाइन फ्लू की जानकारी व उपलब्ध सुविधा के लिए मोटे अक्षरों में साइन बोर्ड लगाना पड़ेगा। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अस्पताल में आने वाले लोगों को आसानी से जानकारी सुलभ कराने के लिए अधीक्षक को स्वाइन फ्लू परामर्श कक्ष, ऑब्जर्वेशन वार्ड, सैंपल कलेक्शन केन्द्र, आईसीयू आदि के लिए साइन बोर्ड लगाने के निर्देश दिए हैं।
ऐसे फैल सकता है
मास्क को छूने, हवा से या पास से गुजरने पर संक्रमण फैल सकता है।
वातावरण में वायरस दो घंटे तक हवा में जीवित रहता है, इस दौरान बीमारियां फैलने का खतरा रहता है।
ये हो सकती हैं बीमारियां
वायरस से स्वाइन फ्लू, टीबी, सर्दी—जुकाम, बुखार, खांसी, फेफड़ों का संक्रमण हो सकता है।
ऐसे करें निस्तारण
मास्क को इधर—उधर नहीं डालें।
अस्पतालों में बायोमेडिकल वेस्ट में डालें।
घर या अन्य जगहों पर उपयोग में लाए जा चुके मास्क को जला दें।
महारानी कॉलेज में आज अवकाश
जयपुर- एसएमएस अस्पताल में भर्ती बीएससी प्रथम वर्ष की छात्रा की स्वाइन फ्लू जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शुक्रवार को महारानी कॉलेज प्रशासन ने शनिवार का अवकाश घोषित कर दिया। रविवार और सोमवार का अवकाश होने के कारण अब कॉलेज तीन दिन बाद मंगलवार को खुलेगा।
कॉलेज की एक छात्रा तीन दिन से अस्पताल में भर्ती है। उसे शुक्रवार सुबह आईसीयू में स्थानांतरित किया गया। सुबह ही उसकी जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई। छात्रा की बहन पूजा ने जागरूकता का परिचय देते हुए जांच रिपोर्ट की कॉपी कॉलेज पहुंचाई। प्राचार्य प्रो. कुसुम जैन ने बताया कि शनिवार को छात्रा की कक्षा की अन्य छात्राओं के अभिभावकों को भी फोन कर जांच कराने की हिदायत दी जाएगी।
वर्धमान महावीर खुला विवि का केन्द्र खुलेगा
जयपुर. एक छात्र में स्वाइन फ्लू की पुष्टि के बावजूद वर्धमान महावीर खुला विश्वविद्यालय कोटा का क्षेत्रीय केन्द्र खुला रहेगा। यूनिवर्सिटी ने केवल पीड़ित छात्र को सात दिन का अवकाश दिया है। यह जानकारी यूनिवर्सिटी की क्षेत्रीय निदेशक ने दी है। उन्होंने बताया कि यूनिवर्सिटी दूरस्थ पाठ्यक्रम चलाती है। एमए के एक छात्र में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाया गया है। उसे सात दिन का अवकाश दे दिया गया है, लेकिन इन दिनों दिसंबर में होने वाली परीक्षा के लिए आवेदन की अंतिम तिथि होने व परीक्षा सामग्री का वितरण होने से पूरे यूनिवर्सिटी केन्द्र की छुट्टी करना संभव नहीं है। अन्य छात्रों के लिए केंद्र खुला रहेगा।










