स्वाइन फ्लूः 42 और पॉजिटिव
जयपुर. राज्य में स्वाइन फ्लू पॉजिटिव के 42 और मामले सामने आने के बाद अब रोगियों की संख्या 1027 हो गई है। शुक्रवार को जोधपुर में दो और उदयपुर में एक रोगी ने दम तोड़ दिया, जबकि अजमेर में एक मरीज की मौत के दो दिन बाद शुक्रवार को उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई।
प्रदेश में अब तक ३३ की मौत हो चुकी है। चिकित्सा निदेशक ओ. पी. गुप्ता ने बताया कि राज्यभर के केंद्रों पर स्क्रीनिंग का काम जारी है। जयपुर में अब तक 136 स्कूलों के 390 बच्चे फ्लू की चपेट में आ चुके हैं। जयपुर जोन में लिए गए 92 सैंपल में से 27 पॉजिटिव पाए गए। शुक्रवार को राज्य में 14 बच्चों की रिपोर्ट पॉजिटिव मिली है।
उधर, कोटा में १५ नए रोगी सामने आए हैं, जिनमें से छह स्कूली बच्चे हैं। बीकानेर में स्वाइन फ्लू की संदिग्ध रोगी उमा बंसल की मौत हो गई। उदयपुर में फ्लू से चित्तौड़गढ़ निवासी 10 वर्षीय दिव्य की मौत हो गई। उसे पीडिएट्रिक्स आईसीयू में रखा गया था, लेकिन गुरुवार देर रात उसने दम तोड़ दिया। एमबी अस्पताल में गुरुवार देर रात भर्ती कराई गई फ्लू की संदिग्ध रोगी 55 वर्षीय महिला ने भी रिपोर्ट आने से पहले दम तोड़ दिया। चिकित्सकों की टीम ने शुक्रवार को एक हजार स्कूली बच्चों की स्क्रीनिंग की।
जोधपुर के मथुरादास माथुर अस्पताल में भर्ती नागौरी गेट निवासी 25 वर्षीय शहनाज बानो तथा एक मीनार मस्जिद क्षेत्र निवासी 35 वर्षीय संतोष देवी ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। नेगेटिव रिपोर्ट वाली पाली निवासी 20 वर्षीय रजनी की भी मौत हो गई। अस्पताल अधीक्षक प्रफुल्ल कच्छवाह ने बताया कि शुक्रवार को अस्पताल से 17 नमूने डीएमआरसी भेजे गए।
जोधपुर में अब तक फ्लू से 13 लोगों की मौत हो चुकी है। भीलवाड़ा में स्वाइन फ्लू का दूसरा पॉजिटिव केस सामने आया है। जयपुर के जेआईटी में पढ़ने वाले 20 वर्षीय छात्र को पॉजिटिव पाया गया है। चिकित्सा निदेशक गुप्ता ने बताया कि आवासीय शिक्षण संस्थाओं में स्वाइन फ्लू के विद्यार्थियों को छुट्टी देने की बजाय उनके लिए डॉक्टरों की निगरानी में विशेष व्यवस्था के निर्देश दिए गए हैं।
महारानी कॉलेज आज बंद
महारानी कॉलेज में एक छात्रा के स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाए जाने के बाद शनिवार का अवकाश घोषित किया गया है। अब मंगलवार को कॉलेज खुलेगा। शुक्रवार को 25 बच्चे पॉजिटिव पाए गए।
11 नए स्कूल चपेट में : इंडियन केंब्रिज स्कूल महेश नगर, सेंट एंसलम मानसरोवर, ब्लू हैवन स्कूल एसएफएस, स्टेप बाई स्टेप डूंडलोद हाउस, एसवीएम अंबाबाड़ी, माहेश्वरी हायर सै. स्कूल तिलक नगर, मॉडर्न पब्लिक स्कूल से. 8 प्रतापनगर, राधा पब्लिक स्कूल सांगानेर, सेंट एसएस पब्लिक स्कूल सुभाष चौक, सेंट माइकल स्कूल सुभाष चौक, यूडीएमएल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में एक-एक बच्चे को स्वाइन फ्लू पॉजिटिव पाया गया।










