प्रतिदिन 120 घरों का होगा सर्वे
जोधपुर. स्वाइन फ्लू की रोकथाम के लिए चिकित्सा विभाग की टीमें शनिवार से घर—घर जाकर स्वाइन फ्लू के संदिग्ध रोगियों की चिह्न्ति कर उपचार से जोड़ेगी। इसके तहत स्पेशल मेडिकल टीम प्रति दिन 120 घरों में जाकर पल्स पोलियो की तर्ज पर बुखार,खासी,सांस में तकलीफ जैसे स्वाइन फ्लू संबंधी लक्षणों की जांच कर रोगियों को चिह्न्ति करेगी ताकि किसीमें इस रोग का प्रारंभिक लक्षण पाए जाने पर तत्काल ही उसका इलाज शुरू किया जा सके।
जिला कलेक्टर नवीन महाजन ने बताया कि शहर में बने 18 पल्स पोलियो जोन में से 12 ऐसे जोन चिह्न्ति हुए हैं जहां स्वाइन फ्लू के लक्षण होने की संभावना व्यक्त की जा रही है। इन क्षेत्रों में शनिवार सुबह से 36 टीमें एक साथ काम करेंगी। मेडिकल टीमे स्वाइन फ्लू के ए तथा बी कैटेगरी वाले रोगियों को चिह्न्ति करेगी।
दूसरे दिन से ही स्पेशल टीम चिह्न्ति रोगी के यहां जाकर घर बैठे ही उसका निशुल्क इलाज शुरू करेगी। इन रोगियों को टेमी फ्लू टेबलेट एवं सिरप दी जाएगी। इस कार्य के लिए गठित टीमें प्रथम चरण में 15 दिन तक घर घर जाकर काम करेंगी। इन टीमों को एक फॉर्मेट दिया गया है,जिसे भर कर उन्हें रोज की रिपोर्ट रोज बनानी होगी। ये टीमें मंडोर, बीजेएस, मधुबन, चौपासनी हाउसिंग बोर्ड,रातानाडा, प्रतापनगर सहित कुल 12 जोन में जाएंगी।सर्वे करने वाली टीमों को शुक्रवार को पावटा अस्पताल में प्रशिक्षण दिया गया।
भ्रम न फैलाएं :कलेक्टर ने कहा कि इस रोग के प्रति आम आदमी में भ्रम की स्थिति पैदा हो गई है। ये टीमें इस रोग के प्रति फैल रहे भ्रम को दूर करने के साथ ही रोगियों तथा उनके परिजनों को ऐहतियाती उपायों के बारे में भी जानकारी देगी। इधर स्वास्थ्य विभाग ने गठित 36 टीमों को पावटा अस्पताल में प्रशिक्षण दिया गया।










