प्रवेश से परीक्षा तक की जानकारी एक बटन से
जयपुर. राजस्थान यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों को अब प्रवेश या परीक्षा फार्म लेने और जमा कराने के लिए कतारों में नहीं लगना पड़ेगा। यूनिवर्सिटी प्रशासन पूरे तंत्र को हाईटेक करने जा रहा है। अब एक आईटी कंपनी यूनिवर्सिटी का सारा रिकॉर्ड ऑनलाइन रखेगी।
जिससे छात्र कम्प्यूटर का बटन दबाते ही फार्म निकालने के साथ यूनिवर्सिटी में प्रवेश से लेकर परीक्षा तक की जानकारी ले सकेंगे। ऑनलाइन सिस्टम का जिम्मा चार में से एक आईटी सोल्यूशन प्रदाता कंपनी को सौंपा जाएगा।
राजस्थान नॉलेज कॉपरेरेशन ने सालाना सौ रुपए फीस में प्रत्येक छात्र को हाईटेक सुविधाएं प्रदान करने का प्रस्ताव दिया है। राजस्थान यूनिवर्सिटी के कुलपति के अनुसार अभी महाराष्ट्र की कुछ यूनिवर्सिटी व दिल्ली के कुछ संस्थानों में ऑफिस ऑटोमेशन और हाईटेक डाटा व्यवस्था है। राजस्थान में पहली बार यह प्रयोग हो रहा है।
आधुनिक सुविधाएं
* स्थायी व अस्थायी संबद्ध कॉलेज और शिक्षक व आधारभूत ढांचे की जानकारियां ऑनलाइन रहेंगी।
* हर छात्र को मिलेगा एक कोड नंबर (इसमें प्रवेश के वर्ष, पाठ्यक्रम व प्रवेश क्रमांक की जानकारी होगी।)
* हर छात्र की फोटो, फीस जमा कराने की जानकारी, सम्पर्क नंबर, घर के पते आदि की जानकारी ऑनलाइन रहेगी।
* सारे प्रमाण पत्र (टीसी, प्रवजन प्रमाण पत्र, तालिका) ऑनलाइन उपलब्ध रहेंगे।
* छात्र या अभिभावक घर बैठे पता कर सकेंगे कि किस दिन किस शिक्षक की कक्षा है।
* हर दिन कितनी कक्षा में पढ़ाई हुई, किसी भी पाठ्यक्रम का कितना कोर्स पूरा हुआ है, छात्रों की उपस्थिति, परीक्षा फार्म भरने की तिथि से लेकर परिणाम व छुट्टी तक की हर जानकारी छात्रों को कम्प्यूटर से मोबाइल पर मिलती रहेगी (साल में कुल 30 संदेश)।
कोड नंबर डालते ही जानकारी
हर छात्र को मोबाइल पर हैपी बर्थ डे मैसेज मिलेगा। परिणाम आते ही अंकतालिका नेट प्रोफाइल पर मिल जाएगी। हर पाठ्यक्रम के छात्रों की प्लेसमेंट रेट व देश में हर क्षेत्र में वैकेंसी की जानकारी कोड नंबर डालते ही मिल जाएगी।
यूनिवर्सिटी के एफिलिएशन, एडमिशन व एग्जाम व्यवस्था का ऑटोमेशन करने जा रहे हैं। आईटी सोल्यूशन कंपनियों (4) से वार्ता चल रही है।
- प्रो. फुरकान कमर, कुलपति, राजस्थान यूनिवर्सिटी



