तिवारी का बैंक खाता हुआ सीज
भोपाल. लोकायुक्त ने उद्योग विभाग के उप संचालक आरएल तिवारी का भारतीय स्टेट बैंक, विंध्याचल शाखा स्थित बैंक खाता सीज कर दिया। इसके अलावा उनके कार्यालय से भी कुछ रिकार्ड जब्त किया गया है।
आरएल तिवारी के भरत नगर स्थित मकानों पर गुरुवार से शुरू हुई लोकायुक्त छापे की कार्रवाई शुक्रवार अलसुबह तक जारी थी।
यह कार्रवाई पूरी कर लोकायुक्त की टीम विंध्याचल भवन पहुंची और उद्योग विभाग के उप संचालक के स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, विंध्याचल भवन शाखा स्थित बैंक खाते को सीज कर दिया। आरएल तिवारी और उनकी पत्नी के इस संयुक्त खाते में लगभग तीन लाख 49 हजार रुपए जमा हैं। इस बैंक में उनकी एक लाख रुपए की एफडी भी जब्त कर ली गई। लोकायुक्त की टीम ने विंध्याचल भवन स्थित उनके कार्यालय से भी कुछ रिकार्ड जब्त किया है।
उनका कार्यालय छापे की कार्रवाई शुरू होने से एक दिन पहले ही सील कर दिया गया था। छापे की कार्रवाई पूरी होने के बाद लोकायुक्त तिवारी की संपत्ति का मूल्यांकन करा रहे हैं। इसके लिए जमीनों की नप्ती आदि का काम जारी है।










