यूनियन कार्बाइड कारखाने पर प्रदर्शन
भोपाल. दुनिया की भीषणतम औद्योगिक दुर्घटना भोपाल गैस त्रासदी की बरसी के नजदीक आते ही गैस पीड़ितों के संगठन सक्रिय हो गए हैं।
शुक्रवार को भोपाल गैस पीड़ित संघर्ष समिति द्वारा गैस पीड़ितों के इलाज, पुनर्वास और रोजगार को लेकर यूनियन कार्बाइड कारखाने पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने इस दौरान कारखाने के भीतर घुसने की कोशिश की और पुलिस बल के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। संघर्ष समिति ने जयप्रकाश नगर के पास से रैली निकाली।
समिति की संयोजक साधना कार्णिक प्रधान के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि केंद्र और राज्य सरकार मिलकर डाउ केमिकल को क्लीनचिट देना चाहती है और इसी कारण कारखाने के भीतर आम जनता के प्रवेश को खोलने की अनुमति दे रही है। इस तरह सरकार यह बताना चाहती है कि यूनियन कार्बाइड परिसर में अब कोई जहरीला रसायन नहीं है।
भोपाल गैस पीड़ित संघर्ष सहयोग समिति की सुश्री कार्णिक प्रधान, सरवर अंसारी, कमल लता, लक्ष्मी बाई, शहजादी बी आदि रैली के रूप में यूनियन कार्बाइड कारखाना के मुख्य द्वार के सामने पहुंचे और
भीतर जहरीला रसायन देखने की मांग करते हुए प्रवेश करने की कोशिश करने लगे। इस पर प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने पीछे धकेल दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारी जमीन पर ही लेट गए और उन्होंने राज्य सरकार व डाउ केमिकल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।










