Saturday, Nov 21st, 2009, 4:47 am [IST]  

danik bhaskarखुले मंच में हंगामा

भास्कर न्यूज

kजोधपुर. शहर की एक संस्था की ओर से शुक्रवार को डॉ. एसएन मेडिकल कॉलेज में महापौर के दोनों प्रमुख प्रत्याशियों को आमने—सामने कर शहर के विकास को लेकर उनके नजरिए को जानने के लिए आयोजित खुला मंच कार्यक्रम में कांग्रेस के प्रत्याशी रामेश्वर दाधीच के नहीं आने पर उपस्थित जनसमूह ने ऐतराज जताते हुए हंगामा शुरू कर दिया।



अंतत: भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता ने शहर के विकास को लेकर अपनी योजनाओं का खुलासा करते हुए अकेले ही मंच को सम्बोधित किया। कांग्रेस प्रत्याशी के न आने से महापौर पद के दोनों प्रमुख उम्मीदवारों को सुनने की इच्छा से आए कई लोगों को निराश लौटना पड़ा।



इधर कांग्रेस के मीडिया प्रभारी ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर हंगामा करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हमने पहले ही अपने प्रत्याशी के व्यस्त कार्यक्रम का हवाला दे दिया था।खुला मंच की आयोजक संस्था जनादेश के पदाधिकारियों ने दोनों प्रत्याशियों को शुक्रवार शाम चार बजे मेडिकल कॉलेज सभागार में आमंत्रित किया था। भाजपा प्रत्याशी प्रसन्नचंद मेहता तो वहां पहुंच गए, लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी रामेश्वर दाधीच नहीं आए।



लम्बे इंतजार के बाद संस्थान के अध्यक्ष अशोक मोदी ने कहा कि उन्हें इस बात की जानकारी मिली है कि रामेश्वर दाधीच के नहीं आने पर उनकी जगह पर शहर के विकास को लेकर कांग्रेस के रमेश बोराणा विचार प्रकट करेंगे। इस पर उपस्थित कुछ लोग खड़े हो गए। इनमें भाजपा कार्यकर्ता भी शामिल थे।



हंगामा बढ़ता देख खुद प्रसन्नचंद मेहता को बीच बचाव करना पड़ा। इधर मामला बढ़ता देख रमेश बोराणा भी कार्यक्रम छोड़ कर चले गए। इस दौरान इसरो में रहे वैज्ञानिक ओपीएन कल्ला ने महापौर को लेकर अपनी राय प्रकट करते हुए कहा कि भावी महापौर को शहर की प्रमुख समस्याओं का वैज्ञानिक ढंग से हल निकालने की पहल करनी होगी। उन्होंने भूजल व सीवरेज की समस्या के निराकरण को गम्भीरता से लेने की बात कही।



वयोवृद्ध गांधीवादी नेमिचंद्र जैन भावुक ने भावी महापौर से सर्वागीण विकास की अपेक्षा जताई। लाचू कॉलेज के प्राचार्य आरएल माथुर ने महापौर को राष्ट्रपति का दर्जा दिया। सूरसागर विधायक सूर्यकांता व्यास, जिला प्रमुख अमिता चौधरी अपने विचार नहीं रखी सकीं।



जताया ऐतराज, बताई योजना : भाजपा के प्रसन्नचंद मेहता ने भी आयोजकों के समक्ष इस बात को लेकर ऐतराज जताया कि महापौर जैसे पद के प्रत्याशी की अनुपस्थिति में उनके एवज में कोई अन्य शहर के विकास के प्रति राय कैसे रख सकता है? उन्होंने कहा कि चुनाव प्रचार के दौरान दो तीन मौकों पर हम दोनों के साथ जाने के कार्यक्रम बने लेकिन उन्होंने इसमें खास दिलचस्पी नहीं दिखाई, शायद वे कतराते हैं।



मेहता ने शहर विकास को लेकर अपनी भावी योजनाओं का खुलासा इस शर्त के साथ किया कि प्रत्याशी की एवज में कोई दूसरा व्यक्ति राय नहीं रखेगा। मेहता ने कहा कि पहले छह माह में शहर की सफाई व्यवस्था दुरुस्त करना उनकी प्राथमिकता होगी। इसके बाद वे सीवरेज की समस्या पर काम करेंगे। धन की बात करते हुए कहा मेहता ने कहा कि शहरी विकास को लेकर इतनी योजनाएं हैं कि अच्छी पहल पर कहीं से भी बजट मिल सकता है।



हमने आयोजकों को इस बात की पहले ही सम्भावना जता दी थी कि महापौर प्रत्याशी के अधिक व्यस्त होने पर कांग्रेस प्रतिनिधि उपस्थित होंगे। हंगामा करने वाले भाजपा के कार्यकर्ता थे।
रमेश बोराणा, मीडिया प्रभारी, कांग्रेस

  share
apne vichaar
post a comment
name:
email:
select your language:     Hindi Roman     Hindi Phonetic     English
comment:
code: