गहलोत ने कार्यकर्ताओं को दी भोत्तवण
जोधपुर. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भोलावण देते हुए कहा है कि नगर निगम में अपने प्रत्याशियों की विजयी बनाकर जोधपुर के विकास के नई शुरुआत करें तथा राज्य और केंद्र सरकार की कड़ी से कड़ी जोड़ें। राज्य की जनता इस बार सभी 46 निकायों में शहरी सरकार कांग्रेस की बनाने का संकल्प ले चुकी है।
जोधपुर के कार्यकर्ता इस चुनाव में नया रिकार्ड कायम कर दिखाएं जिससे जनता के इस फैसले का सम्मान हो तथा जोधपुर सहित पूरे प्रदेश का चहुंमुखी विकास हो सके । मुख्यमंत्री गहलोत शुक्रवार को स्थानीय मूथाजी मंदिर स्थित सरस्वती गार्डन में बड़ी संख्या में आए कार्यकर्ताओं एवं पार्टी प्रत्याशियों को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में कांग्रेस के पक्ष में माहौल बना है, राज्य की शहरी निकाय के चुनाव में अपना समर्थन देकर बोर्ड बनाने को तैयार है। पूरे प्रदेश से इसके शुभ संकेत मिले हैं। उन्होंने याद दिलाया कि पांच साल बोर्ड हमारा रहा लेकिन जयपुर में भाजपा सरकार के असहयोग से तंगहाली में रहा।
गहलोत विधानसभा चुनाव में शहर और सूरसागर विधानसभा सीट नहीं जीतने का उलाहना देने से भी नहीं चूके। उन्होंने सांसद, केंद्रीय मंत्री तथा मुख्यमंत्री के रूप में पिछले व वर्तमान सरकार के 11 माह में जोधपुर सहित पूरे प्रदेश के संतुलित चहुंमुखी विकास के लिए उठाए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि जोधपुर में इंदिरा कैनाल का पानी लाया गया, एलएनयू, आयुर्वेद विश्वविद्यालय, ब्रॉडगेज के काम हुए।अब एम्स, आईआईटी, नए सिविल एयरपोर्ट के काम को गति मिल रही है।
आईआईटी का आभार : एमबीएम एलुमनी एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि अग्रवाल व मूथाजी मंदिर ट्रस्ट के सचिव राजेश मेहता सहित अनेक लोगों ने आईआईटी जोधपुर लाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया।










