12वीं की छात्रा फांसी पर झूली
इंदौर. गणित विषय में कमजोर 12वीं की एक छात्रा ने शुक्रवार तड़के फांसी लगा ली। छात्रा पिछले शिक्षण सत्र में फेल हो गई थी, इस बार भी वह गणित से परेशान थी। स्कीम नंबर-78 में रहने वाले कमल यादव की बेटी अनामिका (17) ने किचन में दुपट्टे का फंदा बनाकर पंखे से लटककर अत्महत्या कर ली।
अलसुबह कमल यादव उठे तो बेटी को फंदे पर लटकी देख चीख पड़े। वे बेटे विजय के साथ अनामिका को लेकर एमवायएच पहुंचे। जांच के बाद डॉक्टरों ने अनामिका को मृत घोषित कर दिया। पिता बोले अनामिका को फंदे से उतारा तब उसकी सांस चल रही थी। उसका दिल भी काम कर रहा था, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले सांसें थम गईं।
गणित की ट्यूशन के लिए कहा था
कमल ने बताया अनामिका पिछले साल १२वीं में फेल हो गई थी। वह गणित में कमजोर थी। इस बार प्राइवेट फॉर्म भरा था। कमल ने अनामिका को गणित की अलग से ट्यूशन लगाने का भी कहा था।
महिला ने लगाई फांसी
मूसाखेड़ी में 22 वर्षीय महिला ने फांसी लगाकर गुरुवार रात आत्महत्या कर ली। संयोगितागंज पुलिस के अनुसार मूसाखेड़ी क्षेत्र के आलोक नगर निवासी मंशाराम साहू सुबह छह बजे अपनी पत्नी ममता को लेकर एमवाय अस्पताल पहुंचे। मंशाराम ने बताया ममता ने फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली है।
पुलिस ने पीएम के बाद शव पति को सौंप दिया। टीआई एस.एम. जैदी ने बताया प्राथमिक जांच में फांसी लगाने के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है। मृतक के परिजन इंदौर के बाहर रहते हैं। इस कारण उनसे शुक्रवार को बात नहीं हो पाई।










