दो बस में भिडंत
इंदौर. शुक्रवार सुबह एमआर-10 रोड पर वेंकटेश्वर इंजीनियरिंग कॉलेज की बस और उपनगरीय बस में भिडं़त हो गई। इसमें चार छात्र, एक छात्रा व कॉलेज स्टाफ की एक महिला घायल हो गई। पुलिस ने उपनगरीय बस जब्त कर उसके ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया है।
सांवेर रोड स्थित वेंकटेश्वर इंस्टिटच्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी के छात्र भूषण पटेल और मिनेश जैन ने बताया उनके कॉलेज की बस एमपी-04 एचबी-9080 विजयनगर से कॉलेज जा रही थी। उज्जैन से आ रही भाटी ट्रेवल्स की यात्री बस एमपी-13 सी-4455 ने बापट चौराहे के पास उनकी बस को टक्कर मार दी। इससे कॉलेज बस में बैठे विद्यार्थी और एक महिला घायल हो गई।
सूचना मिलने पर विजयनगर चौकी पुलिस घटनास्थल पहुंची और घायलों को एमवाय अस्पताल पहुंचाया। चौकी प्रभारी एस.एस. परमार ने बताया पुलिस ने यात्री बस जब्त कर उसके चालक अनवर पिता वजीद को गिरफ्तार कर लिया है। कॉलेज के प्रशासनिक अधिकारी आशीष मोयडे ने बताया स्टाफ की रजनी पांचाल, छात्रा जीतू यादव, छात्र भूषण पटेल, मिनेश जैन, गोविंद और मयंक पोरवाल घायल हुए हैं।
गलती किसकी
पुलिस के अनुसार उपनगरीय बस का चालक अनवर तेज गति से बस चला रहा था। उसकी लापरवाही से टक्कर हुई है। इधर, अनवर का कहना है कॉलेज बस रॉन्ग साइड आ रही थी। कॉलेज बस के ड्राइवर राकेश कुमार चौबे का कहना है सयाजी होटल की साइड वाले मार्ग पर निर्माण कार्य चलने से वह बंद है।
अन्य वाहनों के साथ वह भी उसी रोड से बस ले जा रहा था। बसों की भिडं़त की सूचना मिलने पर कई अभिभावक घटनास्थल पहुंचे। घटनास्थल पहुंचे एमआर-10 रोड निवासी राकेश हंसवाल ने कहा उनके भतीजे की स्कूल बस बापट चौराहा होकर जाती है। बसों की टक्कर की सूचना मिलते ही वे तुरंत मौके पर पहुंचे।










