धोखाधड़ी में फंसे सागर मेडिकल कॉलेज के छात्र
भोपाल. व्यावसायिक परीक्षा मंडल ने सागर मेडिकल कॉलेज में अध्ययनरत नौ छात्रों के विरुद्ध पीएमटी परीक्षा अवैध तरीके से उत्तीर्ण करने के मामले में शुक्रवार को एमपी नगर थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज कराया है।
एडीशनल एसपी चंद्रशेखर सोलंकी ने बताया कि व्यापमं संचालक ने सागर मेडिकल कॉलेज में पढ़ रहे नौ छात्रों के खिलाफ धोखाधड़ी की शिकायत की थी। जांच के बाद जाहर सिंह, प्रदीप कुमार, भरत सिंह, रौनक जायसवाल, पंकज सिंह, कमलेश, अश्विन जोयस, इंदिरा वारिया, दिलीप के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। श्री सोलंकी ने बताया कि नौ छात्रों ने पीएमटी परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए परीक्षा फार्म में स्वयं के फोटो न लगाकर किसी अन्य के फोटो लगाए थे। प्रवेश पत्र पर छपे फोटो के आधार पर जिन छात्रों को परीक्षा में शामिल होना था उनके स्थान पर दूसरे उम्मीदवारों ने परीक्षा दी।
उन्होंने बताया कि सागर मेडिकल कॉलेज की हुई काउंसिलिंग में इन छात्रों ने पीएमटी के प्रवेश पत्र में छपी फोटो से छेड़छाड़ कर जिन छात्रों को परीक्षा देनी थी। उनके फोटो चस्पा कर एमबीबीएस में प्रवेश ले लिया। इन फर्जी छात्रों के एमबीबीएस में अवैध तरीके से प्रवेश लेने के मामले का खुलासा काउंसिलिंग में प्रवेश मिलने के बाद तब हुआ, जब कॉलेज रिपोर्ट करने आए छात्रों के फोटो पीएमटी के प्रवेश पत्र में छपे फोटो से नहीं मिला।










