ज्यादा वोल्टेज वाले टीवी होंगे बंद
कैलिफोर्निया. ग्लोबल वार्मिग के दुष्परिणाम और कार्बन उत्सर्जन को कम करने के लिए कैलिफोर्निया प्रशासन जल्द ही ऐसे टेलीविजन सेट्स को प्रतिबंधित करने जा रहा है, जो ज्यादा बिजली की खपत करते हैं। इसके लिए बाजार में कम बिजली खपत करने वाले सेट्स को उतारने की तैयारी की जा रही है।
कैलिफोर्निया में इस पर बाकायदा नियम बनाने की तैयारी हो रही है। इसे 2011 तक लागू किया जा सकता है। यदि ये नियम लागू होता है तो बाजार में जल्द से जल्द ऐसे टेलीविजन लाने का दबाव भी बढ़ेगा, क्योंकि इस समय कैलिफोर्निया के बाजार में सिर्फ एक तिहाई टेलीविजन ही ऐसे हैं, जो इन तय मानकों को पूरा करते हैं।
10 फीसदी बिजली होती है खर्च
बिजली की खपत पर स्थानीय ऊर्जा आयुक्त का कहना है कि अकेले टीवी पर ही घर की 10 फीसदी से ज्यादा बिजली खर्च हो जाती है। यही नहीं जब से बड़े टीवी बाजार में आए हैं, तब से यहां की ऊर्जा की खपत 8 फीसदी और बढ़ गई है। इससे पहले कैलिफोर्निया प्रशासन कम बिजली की खपत वाले वाशिंग मशीन, डिश वाशर और अन्य इलेक्ट्रिक उत्पादों को बाजार में उतारने की तैयारी कर चुका है। दरअसल कैलिफोर्निया 2020 तक ग्रीन हाउस गैसों के उत्सर्जन में 25 फीसदी की कटौती करना चाहता है।



